Sonipat Municipal Election Results 2020 : कांग्रेस प्रत्याशी निखिल मदान जीते, ललित बत्रा को हराया

Municipal Election Results : सोनीपत नगर निगम के पहले चुनाव की पहली मतगणना बुधवार को मोहाना के बिट्स कॉलेज में हुई। मतगणना के दौरान शुरूआती तीन राउंड को छोड़कर अन्य सभी 15 राउंड में कांग्रेस के निखिल मदान ने बढ़त बनाते हुए मेयर की कुर्सी अपने नाम की। कांग्रेस के निखिल मदान ने भाजपा के ललित बतरा को 13 हजार 817 मतों से पटखनी दी। निखिल मदान को कुल 72 हजार 118 वोट मिले जबकि भाजपा के ललित बतरा को 58 हजार 301 वोट मिले।
मेयर पद के 10 प्रत्याशियों में कांग्रेस व भाजपा को छोडकर कोई भी प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाया। तीसरे नम्बर पर रहे बसपा के धर्मबीर सरोहा को 4375 वोटों ही मिले। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी संदीप राणा 3004 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे। मेयर पद के 10 प्रत्याशियों में से 8 प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाए। यहां तक कि नोटा को मिले वोट भी 4 प्रत्याशियों से ज्यादा रहे।
10 वार्डों में कमल खिला
वहीं वार्ड पार्षदों के चुनाव में सोनीपत में भाजपा को जरूर कुछ संजीवनी मिली है। भाजपा ने यहां के 20 वार्डों में से 10 वार्डों में कमल खिलाने में कामयाबी पाई है। इसके अलावा 9 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है, जबकि एक वार्ड निर्दलीय के खाते में गया है। सोनीपत नगर निगम के गठन के 5 साल बाद गत 27 दिसम्बर को पहली बार चुनाव हुए थे। मतगणना बुधवार को हुई, जिसमें पहले राऊंड से ही कांग्रेस व भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला रहा। पहले राऊंड में भाजपा कुछ आगे दिखी, लेकिन तीसरे राऊंड के बाद लगातार कांग्रेस की लीड ज्यादा होती गई और सभी 18 राऊंड पूरे होने पर कांग्रेस प्रत्याशी निखिल मदान को 13 हजार 817 मतों से जीत मिली। निखिल मदान को चुनाव अधिकारी जगदीश शर्मा ने जीत का प्रमाण पत्र भेंट किया।
दीपेंद्र बोले, जनता के विश्वास की हुई जीत
कांग्रेस प्रत्याशी निखिल मदान की जीत पर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा मतगणना केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत जनता के विश्वास की जीत है। भाजपा से हर वर्ग दुखी हो चुका है। शहर से लेकर गांवों तक लोग फिर से कांग्रेस के राज को याद करने लगे हैं। भाजपा को अपनी जनविरोधी नीतियों का खामियाजा सोनीपत में पहले बरोदा चुनाव में और अब निगम चुनाव में भुगतना पड़ा है। भाजपा ने विकास किया होता तो दो माह के भीतर सोनीपत में दो बार करारी हार का मुंह नहीं देखना पड़ता। जनता अब भाजपा को पूरी तरह से नकार चुकी है। शीघ्र ही प्रदेश में भाजपा सरकार अल्पमत में आने वाली है क्योंकि निर्दलीय विधायकों के अलावा जजपा के अंसतुष्ट विधायक भी सरकार के ताबूत में आखिरी कील ठोंकने वाले हैं। दीपेंद्र ने यह भी कहा कि बरोदा चुनाव में इनेलो का सूपड़ा साफ हो गया था और अब निगम चुनाव में जजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस के ऊजार्वान मेयर निखिल मदान तेजी से निगम का विकास करेंगे। यहां 6 वर्षों से रुके कामकाजों को पूरा करवाया जाएगा।
जनता ने जनादेश दिया है, कारणों पर मंथन होगा : ललित बतरा
भाजपा प्रत्याशी ललित बतरा ने चुनाव परिणाम के बाद पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत में कहा कि जनता ने जनादेश दिया है। उसका सम्मान वे करते हैं। ललित बतरा ने कहा कि चुनाव उन्होंने पूरे जी-जान से लड़ा था। इसके बावजूद जनता को जो मंजूर था, उन्होंने वो ही चुना है। ललित बतरा ने कहा कि चुनाव में हार के कारणों का मंथन किया जाएगा। इसके लिये कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की जाएगी। ताकि भविष्य के लिये तैयारियां की जा सके।
वार्डों के नतीजे घोषित, ये जीते
वार्ड 1 हरिप्रकाश सैनी भाजपा
वार्ड 2 सुरेंद्र नैयर कांग्रेस
वार्ड 3 सुरेंद्र मदान भाजपा
वार्ड 4 बबिता कौशिक भाजपा
वार्ड 5 मुकेश सैनी निर्दलीय
वार्ड 6 : रेणु सैनी कांग्रेस
वार्ड 7 मुनिराम भाजपा
वार्ड 8 पुनीत त्यागी भाजपा
वार्ड 9 राजीव सरोहा कांग्रेस
वार्ड 10 ममता लूथरा, भाजपा
वार्ड 11 इंदु वलेचा, भाजपा
वार्ड 12 लक्ष्मीनारायण तनेजा, भाजपा
वार्ड 13 : संगीता सैनी, भाजपा
वार्ड 14 सूर्या दहिया, कांग्रेस
वार्ड 15 अतुल जैन, भाजपा
वार्ड 16 : मोनिका कांग्रेस
वार्ड 17 : नवीन कांग्रेस
वार्ड 18 मंजीत कांग्रेस
वार्ड 19 बिजेंद्र मलिक कांग्रेस
वार्ड 20 नीतू दहिया, कांग्रेस
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS