Sonipat : पीएमश्री स्कूल के मेधावी पहाड़ों की करेंगे सैर, लेंगे समुद्री क्षेत्र का आनंद

- प्रदेश भर के 124 स्कूलों से 248 विद्यार्थियों का किया जाएगा चयन
- पोर्टल पर ऑनलाइन करना होगा आवेदन, मेरिट के आधार पर होगा चयन
Sonipat : प्रदेशभर के 124 पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में से 248 विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग पहाड़ों और समुद्री क्षेत्रों की सैर करवाने लेकर जाएगा। प्रदेश भर में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों का चयन किया जाना है, इसके लिए विद्यार्थियों को पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एडवेंचर एंड नेचर कैंप के नाम से उड़ीसा, दार्जिलिंग, पंचमढ़ी, केरल का भ्रमण करवाया जाएगा, जहां पर विद्यार्थी भ्रमण के दौरान साहसिक कार्य व प्रकृति अध्ययन करेंगे।
जानकारी अनुसार हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद व हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पोर्टल पर पंजीकरण करवाते समय एनसीसी, एनएसएस, सांस्कृतिक गतिविधियां, अकादमिक व शैक्षणिक प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। चयनित विद्यार्थियों को जिले के अनुसार दो ग्रुपों में बांटा जाएगा, जिसे बैच वन व बैच टू का नाम दिया गया है। पहला बैच 13 अक्टूबर को भ्रमण पर रवाना होगा जो 21 अक्टूबर को वापस आएगा। वहीं दूसरे बैच में शामिल विद्यार्थियों को 15 से 23 नवंबर तक भ्रमण का मौका मिलेगा। विद्यार्थियों के साथ जाने वाले शिक्षकों का चयन भी पोर्टल के माध्यम से ही किया जाएगा। एक जिले से अधिकतम 10 छात्र व 10 छात्राएं चुनी जाएंगी। शिविर में जाने के लिए विद्यार्थियों को माता-पिता का दिया सहमति पत्र व स्वास्थ्य प्रमाणपत्र देना अनिवार्य रहेगा।
सहायक परियोजना समन्वयक अतर सिंह ने बताया कि नेशनल एडवेंचर एंड नेचर कैंप में पीएमश्री के मेधावी विद्यार्थियों को देशभर में विभिन्न स्थानों का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके लिए पीएमश्री स्कूलों में 11वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। डीपीसी सोनीपत जितेंद्र छिक्कारा को एडवेंचर कैंप का स्टेट नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें - मजदूर ने पेश की मिसाल : सड़क हादसे में मृतक 8 वर्षीय बच्चे के सभी अंग किए दान
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS