सोनीपत : किशोर विकास सदन की छत से गिरकर किशोर की मौत

सोनीपत : किशोर विकास सदन की छत से गिरकर किशोर की मौत
X
पुलिस जांच में सामने आया कि 14 वर्षीय किशोर विनीत (अनित) को 22 जनवरी को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर लावारिश हालत में पकड़ा था। वह नशे का आदि था। पुलिस ने उसे बाल कल्याण बोर्ड के सामने पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया था।

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत : किशोर विकास सदन से छत के रास्ते भागने की फिराक में एक किशोर की मौत हो गई। वह रात में छत से होकर दीवार के सहारे लगे वाटर सप्लाई के एक इंच के प्लास्टिक के पाइप से उतरने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान पाइप के टूट जाने से वह 20 फिट ऊपर से सिर के बल फर्स पर गिर गया। सुधार गृह के चौकीदार ने सुबह को शव पड़ा देखकर विभागीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस, बाल विकास विभाग, बाल कल्याण बोर्ड और मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चिकित्सकों के पैनल से उसका पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया।

सिविल लाइन थाना पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे सूचना मिली कि एटलस रोड स्थित किशोर विकास सदन की छत से गिरकर किशोर की मौत हो गई है। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि 14 वर्षीय किशोर विनीत (अनित) को 22 जनवरी को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर लावारिश हालत में पकड़ा था। वह नशे का आदि था। पुलिस ने उसे बाल कल्याण बोर्ड के सामने पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया था। वह रात में किशोर विकास सदन की छत पर पहुंच गया और भागने के लिए नीचे उतरने का प्रयास करने लगा। वह वाटर सप्लाई के प्लास्टिक के पाइप से उतरने लगा, इसी दौरान पाइप टूट जाने से 20 फिट ऊपर से सिर के बल फर्स पर गिर गया। सुधार गृह के चौकीदार को हादसे की जानकारी सुबह मिली।

बाल विकास विभाग, बाल सुधार गृह, बाल कल्याण बोर्ड और जुवेनाइल मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। टीम ने जांच के बाद उसके फोटो विभिन्न ग्रुप पर भेजे। दोपहर में सहारनपुर पुलिस से जानकारी मिली कि उसका चेहरा नासिरपुर से गायब किशोर से मिल रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया।

विनीत नहीं अनित था नाम

शाम को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नासिरपुर के रहने वाले पालेराम अपने परिवार के लोगों के साथ मोर्चरी पर पहुंचे। उन्होंने 14 वर्षीय किशोर की पहचान अपने बेटे अनित कुमार के रूप में की। अनित को नशा करने की आदत थी। परिवार के लोग उसकी नशे की लत छुड़ाना चाहते थे। इसके चलते वह दो अक्टूबर को घर से गायब हो गया था। परिवार के लोग उसकी तलाश करके वापस लाए थे। वह दस दिन घर पर रहने के बाद 22 जनवरी को फिर से गायब हो गया था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे।

काउंसलिंग में बदल रहा था नाम

किशोर की काउंसलिंग की जा रही थी। वह बार-बार अपना नाम बदल रहा था और अपने माता-पिता को मृत होना बता रहा था। किशोर ने बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे खाना खाया और साढ़े 10 बजे तक टीवी देखा। इसके बाद, वह 12 बजे छत पर पहुंच गया। सुबह वह मुख्य गेट के पास मृत पड़ा मिला। सिविल लाइन थाना प्रभारी सवित कुमार, एसीपी वीरेंद्र राव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चिकित्सकों के पैनल ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कर शव उसके स्वजन को सौंप दिया।

Tags

Next Story