Sonipat : एटलस फैक्टरी से कर्मियों को बाहर निकालकर चारों गेट किए सील

- 2017 से बंद है फैक्टरी, 2022 में पहली बार फैक्टरी की थी सील, 1.17 करोड़ रुपए का गृहकर बकाया
- अब मिल रही थी चोरी-छिपे माल निकालने की शिकायतें, नगर निगम ने की कार्रवाई
Sonipat : 2017 से बंद प्रदेश की सबसे बड़ी और पुरानी फैक्ट्रियों में शामिल एटलस फैक्ट्री को फिर से सील किया गया है। 25 एकड़ में फैली एटलस फैक्ट्री को 1.17 करोड़ रुपए का बकाया गृहकर जमा ना करने पर नगर निगम ने 6 मई को सील किया था। इसके बाद से शिकायतें मिल रही थी कि फैक्ट्री से चोरी-छिपे माल निकाला जा रहा है। इन्हीं शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए निगम अधिकारियों ने फैक्ट्री के चारों गेट को सील करवा दिया। मंगलवार को संयुक्त आयुक्त अंकिता वर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सीलिंग कार्रवाई की। इस दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मियों को बाहर निकाला गया और चेतावनी दी कि यदि किसी ने सील तोड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ पुलिस केस करवाया जाएगा।
जानकारी अनुसार बकाया गृह कर जमा न कराने पर 18 फरवरी, 2022 को एटलस फैक्ट्री को नगर निगम ने सील कर दिया था। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने जरूरी काम का हवाला देकर उच्च न्यायालय में अर्जी लगाई थी। उच्च न्यायालय के आदेश पर 9 जुलाई, 2021 को निगम ने सील हटा दी थी। उस समय फैक्ट्री पर 90 लाख रुपए गृह कर बकाया था। 26 जुलाई, 2021 को फैक्ट्री को दोबारा सील कर दिया था। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने स्टैचुरी रिकॉर्ड लेने को राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) में अपील दायर की थी। एनसीएलटी ने 2 माह के लिए सील हटाने के आदेश दिए थे। उसके बाद तत्कालीन निगम आयुक्त ने 18 फरवरी को 14 दिन के लिए सील हटवाई। उसके बाद भी फैक्ट्री प्रबंधन ने गृह कर जमा नहीं कराया। मई में फैक्ट्री प्रबंधन पर 1.10 करोड़ रुपए गृह कर बकाया था। निगम आयुक्त के आदेश पर 6 मई को क्षेत्रीय कर शाखा ने फैक्ट्री के एक गेट को सील कर दिया था। अब भी फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से बकाया गृहकर राशि नहीं जमा कराई, अब यह राशि बढ़कर 1.17 करोड़ रुपए हो चुकी है। फैक्ट्री से चोरी छिपे माल निकाले जाने की सूचना मिलने पर मंगलवार को नगर निगम की टीम संयुक्त आयुक्त अंकिता वर्मा व क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ के साथ पहुंची। जांच के बाद टीम ने फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा कर्मियों को बाहर निकाला और फैक्टरी के सभी चार गेटों को सील कर दिया गया।
नगर निगम की संयुक्त आयुक्त अंकिता वर्मा ने बताया कि बकाया गृहकर जमा न कराने के कारण एटलस फैक्ट्री को फरवरी 2022 में सील किया था। उसके बावजूद अब तक कोई गृहकर जमा नहीं हुआ है। अब निगम को फैक्ट्री से चोरी छिपे माल निकाले जाने की सूचना मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के सभी गेटों को सील कराया गया है।
यह भी पढ़ें - Hisar : गुजवि में विद्यार्थी एक साथ कर सकेंगे 2-2 कोर्स
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS