कलयुगी औलाद : प्रॉपर्टी के लिए बेटों और बहुओं ने वृद्धा मां से की मारपीट, कमरे में रखा बंद

कलयुगी औलाद : प्रॉपर्टी के लिए बेटों और बहुओं ने वृद्धा मां से की मारपीट, कमरे में रखा बंद
X
आरोपियों ने महिला को कमरे में बंद कर गला दबाने की कोशिश भी की। वृद्धा के सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

गुरुग्राम। गुरुग्राम के बजघेड़ा थाना क्षेत्र में 72 साल की वृद्धा के साथ उसके दो बेटों और उनकी पत्नियों ने कथित तौर पर संपत्ति को लेकर मारपीट की। बुजुर्ग महिला को कई फ्रेक्चर हो गए हैं। आरोपियों ने महिला को कमरे में बंद कर गला दबाने की कोशिश भी की। मामले में पुलिस ने पीडि़ता को सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सामने आया कि पीडि़ता का बजघेड़ा में एक प्लॉट है। वहीं उसके अकाउंट में रुपये भी जमा हैं। उसके पति की आठ साल पहले मृत्यु हो चुकी है और उसे 2,500 रुपये मासिक पेंशन मिलती है। महिला का बड़ा बेटा 40 साल का और छोटा बेटा 37 साल का है। उन्होंने अपनी पत्नियों के साथ मिलकर महिला को प्रॉपर्टी ट्रांसफर करने को मजबूर करने के लिए कई दिनों तक भूखा रखा। महिला ने जब उन्हें संपत्ति नहीं सौंपी, तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और 22 अक्तूबर को पूरी रात कमरे में बंद रखा। पीडि़ता ने किसी तरह से सुबह किराएदार से दरवाजा खुलवाया और गांव के बुजुर्गों को आपबीती सुनाई। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को सेक्टर 10 ए के सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को महिला के गले पर निशान दिखा। जाहिर है महिला का गला घोंटने का प्रयास किया गया। चिकित्सकों ने महिला के टूटे हाथ में मेटल की छड़ डालकर सर्जरी की। उनकी नाक भी टूट गई। महिला के सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान हैं।

मामले में एसीपी शिव अर्चना शर्मा ने कहा कि पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला ने 23 अक्तूूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अस्पताल से विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags

Next Story