Mosam Ki Jankari : तीसरे दिन भी कोहरे की चादर से लिपटा रहा प्रदेश, दो दिन और राहत नहीं

रविवार को प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी कोहरे का असर बरकरार रहा। अल सुबह जहां हाइवे पर दृश्यता 10 से 20 मीटर थी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दृश्यता 5 मीटर तक और कहीं-कहीं इससे भी कम रही। जिस कारण नेशनल हाइवे व लिंक मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।
दिन में भी वाहन लाइटें जलाकर एक दूसरे के पीछे चल रहे थे। दोपहर पूर्व तक दृश्यता कम होने के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगे रहे। मौसम साफ होने के बाद ही वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। दोपहर पूर्व सूर्य निकलने के बाद ही लोगों को ठंड से निजात मिल पाई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दो दिन तक कोहरे से राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
परिवर्तन का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ
विशेषज्ञों की मानें तो मौसम में अचानक से परिवर्तन का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है। अक्सर पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ जाकर बर्फबारी करते हैं, जिससे मैदानी क्षेत्रों में सर्दी बढ़ती है। इन दिनों भी आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना बनी हुई है। साथ ही फरवरी के अंत तक दिन का तापमान सामान्य के बराबर रहने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 16 फरवरी तक मौसम के परिवर्तनशील बनी रहने की संभावना है। जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। 20 फरवरी तक सर्दी के ज्यादा रहने की संभावना है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की गति दो किलोमीटर प्रतिघंटा रही। वहीं वातावरण में नमी की मात्रा 83 प्रतिशत बनी रही।
गेहूं के लिए फायदेमंद है ठंड
कृषि विशेषज्ञों की मानें तो मौसम के परिवर्तनशील रहने के कारण ठंड बरकरार है। यह ठंड गेहूं के लिए ठंड फायदेमंद साबित होगी। इन दिनों में जितनी अधिक ठंड रहेगी, उतना ही गेहूं की फसल में फुटाव होगा। इस फुटाव से पैदावार अच्छी निकलेगी। अब दिन में धूप खिलने लगी है। इससे दिन में तापमान भी बढ़ने लगा है। ऐसे में सब्जी की फसल को भी अब नुकसान नहीं होगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS