घोषणा करके भूले डिप्टी सीएम : उड़ती धूल के बीच खड़ी देवीलाल की प्रतिमा कर रही दुष्यंत चौटाला का इंतजार, 30 सितंबर तक बनाना था भव्य पार्क

विकास गोडवाल : महेंद्रगढ़
हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 30 सितंबर तक चौधरी देवीलाल पार्क को भव्य रूप देने की घोषणा थी। घोषणा करते समय उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि पार्क इतना भव्य होगा कि आसपास के लोग भी देखने के लिए आएंगे, लेकिन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री घोषणा करके भूल गए हैं। छह माह बीत जाने के बाद आज तक कोई भी पार्क की सुध लेने के लिए नहीं पहुंचा है। उड़ती धूल के बीच खड़ी चौधरी देवीलाल की प्रतिमा उपमुख्यमंत्री के आने का इंतजार कर रही है। समयावधि पूरी होने बावजूद भी अभी तक पार्क बनाने का प्लान तक बनकर तैयार नहीं हुआ है। चौधरी देवीलाल पार्क अब नशेडि़यों का अड्डा बन चुका है। यहां शाम होते ही जाम छलकने शुरू हो जाते हैं।
बता दें कि 30 मार्च को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने चौधरी देवीलाल पार्क महेंद्रगढ़ में पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक ताऊ देवीलाल की सवा 11 फुट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया था। डिप्टी सीएम ने कहा था कि आज उस स्थान पर स्टेच्यू लगाया गया है, जो एमरजेंसी के दौर में चौधरी देवीलाल ने 19 महीने जेल में काटे थे। उस स्थान को हम चौधरी देवीलाल के प्रति समर्पित करते हैं। इस दौरान ताऊ देवीलाल पार्क में 13 पौधे लगाए थे, लेकिन देखरेख के अभाव में अब केवल सात पौधे बचे हैं। इन पौधों का भी बारिश होने के कारण बचाव हो गया। पार्क में दिनभर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है।
30 सितंबर को होना था उद्घाटन, अभी तक प्लान भी नहीं हुआ तैयार
करीब दो दशक पहले वर्ष 2003 में महेंद्रगढ़ में किले के पीछे खाली पड़ी जगह पर देवीलाल पार्क बनाने रूपरेखा बनी थी। यह पार्क तो विकसित नहीं हो पाया, लेकिन कांग्रेस कार्यकाल में नगर के बस स्टैंड के पास चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा के नाम से एक भव्य व सुंदर पार्क का निर्माण हुआ। इसके बाद गत 30 मार्च को देवीलाल पार्क में उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा का अनावरण करते समय उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि आगामी 30 सितंबर को देवीलाल पार्क का उद्घाटन करने आएंगे। पार्क इतना हरा-भरा होगा कि यहां दरी बिछाने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन अभी तक ताऊ देवीलाल की प्रतिमा उड़ती धूल के बीच खड़ी है और लोग इसके विकसित व हरा-भरा होने का इंतजार कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि जननायक चौधरी देवीलाल पार्क भव्य होगा, जिसमें लाइटों युक्त फव्वारे व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पार्क को देखने के लिए आसपास के जिलों के लोग भी आएंगे। निर्माण का कार्य आगामी छह माह में पूरा हो जाएगा, लेकिन यह सपना अब तक आधा-अधूरा ही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS