ऑटो चालकों पर सख्ती : बिना सर्टिफिकेट के चलने वाले ऑटो थ्री व्हीलर होंगे शहर से बाहर

हरिभूमि न्यूज: रोहतक
शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑटो चालकों पर और सख्ती की जाएगी। सभी ऑटो का रिकार्ड तैयार किया जाएगा। बिना सर्टिफिकेट के चलने वाले ऑटो जल्द शहर से बाहर किए जाएंगे। ऑड ई वन का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस का मानना है कि सड़कों पर ऑटो की संख्या कम होने से जाम में राहत मिलेगी।
शहर में करीब 12 हजार से ज्यादा ऑटो चलाए जा रहे हैं। जिनकी वजह से शहर के कई चौराहों पर जाम लगा रहता था। विगत वर्ष दिसम्बर माह में यातायात पुलिस ने ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें निर्णय लिया गया था कि जाम से मुक्ति पाने के लिए ऑटो थ्री व्हीलर ऑड ई वन किए जाएंगे। इसकी शुरूआत के लिए तीन जनवरी 2022 का दिन तय किया गया था। अभियान के दौरान यातायात टीम ने ऑटो चालकों को भी फेरबदल को लेकर जागरूक किया। इसके तहत पहले दिन तीन जनवरी को विषम नम्बर वाले ऑटो शहर की सड़कों पर दौड़ाए गए थे। अब कुछ ऑटो चालक भी ऑड ई वन खत्म करने की मांग पर अड़े हुए हैं। यातायात पुलिस द्वारा ऑटो के सर्टिफिकेट जांचने के लिए अभियान शुरू किया गया है। अप्रैल तक बिना कागजात के चल रहे ऑटो जब्त कर लिए जाएंगे।
डीएसपी से मीटिंग की जाएगी
यूनियन की तरफ से यातायात डीएसपी से मीटिंग की जाएगी। ज्यादातर ऑटो चालक चाहते हैं कि ऑड ई वन बंद हो जाना चाहिए। इससे ऑटो चालकों को आर्थिक हानि हो रही है। इसके अलावा सभी ऑटो चालकों के कागजात की जांच कर रहे हैं। सभी ऑटो का रिकार्ड तैयार किया जाएगा। -तस्वीर टांक, प्रदेशाध्यक्ष ऑटो यूनियन
सभी के चेक किए जा रहे हैं सर्टिफिकेट
सभी ऑटो थ्री व्हीलर के सर्टिफिकेट चैक किए जा रहे हैं। जिनके पास कागजात पूरे हैं, केवल उन्हें ही सड़कों पर चलने दिया जाएगा। बिना नियमों के चलने वाले ऑटो पर कार्रवाई होगी। इसके अलावा अभी ऑड ई वन जारी रहेगा। कुलबीर सिंह, यातायात निरीक्षक
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS