Corona Effect : रेलवे स्टेशनों पर टिकट के लिए मारामारी, आरक्षण काउंटरों पर लंबी कतारें

Corona Effect : रेलवे स्टेशनों पर टिकट के लिए मारामारी, आरक्षण काउंटरों पर लंबी कतारें
X
लगातार मजदूर अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। कोई बस या प्राइवेट वाहन की व्यवस्था के जरिये तो कोई ट्रेन के माध्यम से अपने गांव जा रहा है। स्टेशन के टिकट काउंटर पर प्रवासियों की लाइन लगी रहती है।

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़

कोरोना के बढ़ते प्रभाव के बीच कामगारों के मन में फिर से लॉकडाउन का भय पनप रहा है। ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी मची हुई है। आरक्षण काउंटर पर टिकट पाने के लिए रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं। यही वजह है कि लगातार मजदूर अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। कोई बस या प्राइवेट वाहन की व्यवस्था के जरिये तो कोई ट्रेन के माध्यम से अपने गांव जा रहा है। स्टेशन के टिकट काउंटर पर भी प्रवासियों की लाइन लगी रहती है।

दरअसल, बहादुरगढ़ में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के हजारों लोग रहते हैं। पिछली बार लॉकडाउन लगने पर इनके हालात बिगड़ गए थे। अपने घरों के लिए इन्हें हजारों किलोमीटर पैदल चलना पड़ा था। अब एक बार फिर से कोरोना का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और प्रवासियों के मन में लॉकडाउन का भय पनप रहा है। पिछली बार वाले हालातों का सामना न करना पड़े, इसलिए मजदूरों ने पहले ही पलायन शुरू कर दिया है। रोजाना प्रवासी यहां से जा रहे हैं।

बहादुरगढ़ के रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर भी काफी लोगों की लाइन थी। ये लोग गोरखधाम एक्सप्रेस के लिए टिकट बुक करा रहे थे। यहां मौजूद विजय और नवीन ने बताया कि पिछली बार जब लॉकडाउन लगा तो बहुत परेशानी हुई थी। अपने गांव लौटने में भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। महामारी फैल रही है। फिलहाल वे अपने घर जाना चाहते हैं। सब कुछ सही रहा तो फिर से वापस लौट आएंगे।

Tags

Next Story