विधि विश्वविद्यालय की छात्राओं ने पुरुष अधिकारियों पर लगाए आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत
डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्विविद्यालय में चार दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों के बीच वीरवार को हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज दलाल पहुंची। उन्होंने छात्राओं से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। छात्राओं ने विश्वविद्यालय के पुरुष अधिकारियों व कर्मचारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने कहा कि इस बारे में वह कई बार शिकायत दे चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। छात्राओं ने इसके अलावा भी अनेक समस्याएं रखी। प्रीति भारद्वाज दलाल ने विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अर्चना मिश्रा को विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं का आश्वासन दिया है कि इस बारे में कुलाधिपति को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी अनुशंसा की जाएगी। छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं व अन्य मांगों को लेकर भावी अधिवक्ताओं की हड़ताल वीरवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रही। विश्वविद्यालय की छात्राओं ने महिला आयोग के साथ भी अपनी समस्याओं को लेकर पत्र व्यवहार किया था। जिसके बाद वीरवार को महिला आयोग की उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज दलाल विश्वविद्यालय पहुंची और हड़ताल पर बैठी छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने छात्राओं को कहा कि अपनी बातें बिना डरें खुलकर रखें। जो भी समस्याएं हैं, सबका समाधान किया जाएगा। छात्राओं ने बताया कि विश्वविद्यालय में पुरुष अधिकारी व कर्मचारी उन पर टिप्पणियां कसते हैं। लगातार चार साल से वे आपत्तिजनक टिप्पणियां झेल रही है। इसके अलावा भी छात्राओं ने उनके सामने लड़कियों के मुद्दे रखे। छात्राओं ने कहा कि विश्वविद्यालय में उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया नहीं करवाई जा रही। उपाध्यक्ष ने छात्राओं को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
उम्मीद से बुलाया था, मिला आश्वासन
हड़ताल में शामिल छात्राओं ने कहा कि हमने बड़ी उम्मीदों के साथ मानवाधिकार आयोग की उपाध्यक्ष को बुलाया था। लड़कियों के मुद्दों को लेकर भी उनसे बातचीत की गई। उन्होंने हमें समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। छात्राओं ने कहा कि इस प्रकार के आश्वासन उन्हें चार साल से मिलते आ रहे हैं। इस बार दिए आश्वासन कितने सत्य साबित होते हैं यह तो आने वाला वक्त ही बता पाएगा। छात्राओं ने कहा कि चार दिन से उनकी हड़ताल चल रही है। इस दौरान सभी विद्यार्थी बहुत थक चुके हैं, लेकिन उनकी उम्मीदें नहीं टूटी है। विद्यार्थियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
रिपोर्ट गर्वनर के पास भेजेंगे : प्रीति भारद्वाज
महिला आयोग में कुछ विद्यार्थियों की मेल आई थी। 19 पेज की शिकायत थी। जिसमें इनकी काफी समस्याएं थी। इसमें कई समस्याओं को लेकर महिला आयोग के सामने लाना चाह रहे थे। जिसके बाद विश्वविद्यालय में पहुंची और छात्राओं से बातचीत की। छात्राओं ने विश्वविद्यालय अधिकारियों पर भेदभाव के साथ ही आपत्तिजनक टिप्पणियां के भी आरोप लगाए हैं। आगे इसकी रिपोर्ट गर्वनर के पास भेजेंगे और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी इसकी अनुशंसा की जाएगी। - प्रीति भारद्वाज दलाल, उपाध्यक्ष, हरियाणा महिला आयोग
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS