Kurukshetra University : परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं होने से विद्यार्थी परेशान

Kurukshetra University : परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं होने से विद्यार्थी परेशान
X
छात्रों ने बताया कि परीक्षाएं दिए हुए 1 साल बीतने को है परंतु अभी तक उसका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया है।

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नही होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र से पूर्व में एमबीए, मास्टर्स इन मास कम्युनिकेशन और मास्टर्स इन हिंदी कर चुके छात्र वरूण आर्य ने बताया कि अभी तक भी उसका परीक्षा परिणाम घोषित नही किया गया है।

करनाल के वरुण आर्य ने सितंबर 2020 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित मास्टर ऑफ पॉलिटिकल साइंस अंतिम वर्ष की ऑनलाइन परीक्षाएं दी थी। वरुण ने बताया कि परीक्षाएं दिए हुए 1 साल बीतने को है परंतु अभी तक उसका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया है। वरुण ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा उनकी तरह और भी ना जाने कितने विषयों के छात्रों के परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अभी तक घोषित नहीं किए गए होंगे।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है तथा यह भी निवेदन किया है कि उनके सहित अन्य सभी विषयों के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों को तुरंत घोषित किया जाए, यदि किसी परिणाम में कोई त्रुटि है तो संबंधित अधिकारियों व विद्यार्थियों को इस बारे में सूचित किया जाए ताकि विद्यार्थी इधर उधर भटक कर अपना समय बर्बाद न करें और उनका मानसिक रूप से उत्पीड़न न हो।

Tags

Next Story