किशोरी ने दिया प्री मैच्यौर बच्ची को जन्म, बुआ के लड़के ने किया था गलत काम

किशोरी ने दिया प्री मैच्यौर बच्ची को जन्म, बुआ के लड़के ने किया था गलत काम
X
यमुनानगर में एजेंसी के माध्यम से घर की साफ सफाई करने के लिए आई थी किशोरी, खुद को बताया था तीन माह की गर्भवती, पेट में दर्द हुआ तो अस्पताल में सात माह का गर्भ मिला।

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर

शहर के मॉडल टाउन में एजेंसी के माध्यम से घर की साफ सफाई के लिए आई किशोरी ने बीती रात शहर के निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। बच्ची प्री-मैच्यौर है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद पीड़िता के बुआ के लड़के के खिलाफ छह पोक्सो एक्ट के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शहर के मॉडल टाउन निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने घर की सफाई के लिए नौकरानी चाहिए थी। उन्होंने चंडीगढ़ में एक एजेंसी से संपर्क किया। एजेंसी ने 16 वर्षीय किशोरी को उनके यहां नौकरी के लिए भेज दिया। किशोरी ने उन्हें बताया कि वह तीन माह के गर्भ से है इसलिए वह अपने घर वापस जाना चाहती है। रात को अचानक किशोरी के पेट में दर्द हुआ। जब वे उसे शहर के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे तो किशोरी सात माह के गर्भ से मिली।

किशोरी को वहीं पर लेबर पेन शुरू हो गयाऔर उसने लड़की को जन्म दे दिया। बच्ची की हालत नाजुक होने पर उसे शहर के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। पूछताछ के दौरान लड़की ने बताया कि वह चंडीगढ़ में परिवार के साथ रहती है। एक दिन उसकी मां रिश्तेदारी में गई थी। इस दौरान उसकी बुआ का लड़का गोविंद वहां आया और उसके साथ गलत काम किया था। मामले की सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन की निर्देशिका डॉ.अंजु वाजपेयी तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

उधर, शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि किशोरी के परिजनों को सूचित करने पर उसकी मां भी अस्पताल पहुंच गई है। किशोरी व उसकी मां के बयान ले लिए हैं। मामले की जांच के बाद आरोपित युवक गोविंद के खिलाफ छह पोक्सो एक्ट के आरोप में केस दर्ज किया है।

Tags

Next Story