Live : रोहतक किसान महापंचायत में किसानों का जमावड़ा शुरू, ये किसान नेता करेंगे संबोधित

हरिभूमि न्यूज:रोहतक
मकड़ौली टाल प्लाजा के पास किसान महापंचायत शनिवार सुबह से ही किसानों का जुटना शुरू हो गया है। महापंचायत के करीब आधा किलोमीटर लंबा पंडाल बनाया गया है। तीन ट्रालियों पर स्टेज बनाई गई है। एक तरफ सभी मुख्य वक्ता बैठेंगे, जिसका संबोधन होगा वहीं वक्ता मुख्य स्टेज पर आएंगे। शुक्रवार देर रात से ही महापंचायत में आने वाले लोगों के लिए भोजन बनना शुरू हो गया था। महापंचायत में मुख्य रूप से सरदार गुरुनाम चढूनी, ऋषिपाल अंबावता, बलबीर सिंह राजेवाला, अभिमन्यु कुहाड़, रवि आजाद, विकास सीसर शामिल होंगे। दूसरी ओर प्रशासन और पुलिस ने भी अपनी पूरी तैयारी की है। जिले में 1500 से ज्यादा पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी।
शाम 4.30 बजे तक चलेगी महापंचायत
मकड़ौली टोल प्लाजा पर सुबह 10 बजे महापंचायत शुरू होगी। समापन का समय शाम 4.30 बजे तक रखा गया है। किसानों ने अपने स्तर पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए ड्यूटी लगाई है। किसी भी ऐसे वाहन को नहीं रोका जाएगा जो इमरजेंसी सर्विस पर हो। एंबुलेंस के लिए खास ध्यान रखा गया है। कोई एंबुलेंस आती है तो उसी समय उसे रास्ता दिया जाएगा। किसी को किसी प्रकार की परेशानी न होगी।
हर अधिकारी संग डीएसपी व एसएचओ
प्रशासन ने एसडीएम, तहसीलदार और डीडीपीओ सहित 14 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया है। सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ डीएसपी और एसएचओ स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी रहेगी। महिला पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी भी रहेगी। पुलिस बल के इंचार्ज लातार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के संपर्क में रहेंगे। हालात के जायजा लेते रहेंगे। अधिकारी एक दूसरे के सम्पर्क में रहेंगे।
आसपास के गांवों के सहयोग से भोजन
भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेश अध्यक्ष अनिल नांदल उर्फ बल्लू प्रधान ने बताया कि आसपास के गांवों के सहयोग से लंगर लगाया जा रहा है। महापंचायत में शामिल होने वाले आंदोलनकारी शुक्रवार शाम से ही पहुंचने शुरू हो गए थे। तैयारियां पूरी हैं और इस महापंचायत में एतिहासिक फैसलें लिए जाएंगे। शुक्रवार रात से ही लंगर की तैयारी शुरू कर दी गई थी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS