कोरोना में राहत : खेल मैदानों में लौटी रौनक, खिलाड़ी जमकर बहा रहे पसीना

कोरोना में राहत : खेल मैदानों में लौटी रौनक, खिलाड़ी जमकर बहा रहे पसीना
X
कोरोना के केसों में कमी और सरकार के छूट के बाद कोई खिलाड़ी दौड़ का अभ्यास कर रहा है तो कोई जिम में अपनी फिटनेस बरकरार रखने के लिए व्यायाम कर रहे है। खिलाड़ियों के अलावा पुलिस और सेना में भर्ती होने के लिए जवान यहां पर अभ्यास करने में जुटे है।

हरिभूमि न्यूज. झज्जर

युवा एवं खेल विभाग की ओर से खिलाडि़यों को स्टेडियम में अभ्यास करने की छूट देने के बाद अब खेल स्टेडियमों में पूर्णतया रौनक लौट चुकी है। खिलाड़ी मैदान में प्रशिक्षकों की देखरेख में जमकर पसीना बहा रहे है। शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम में बॉक्सिंग, हॉकी, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक के खिलाड़ी सुबह-शाम कई-कई घंटे अभ्यास कर रहे है। वहीं तलाव गांव स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम का तो नजारा ही कुछ अलग है। कोई खिलाड़ी दौड़ का अभ्यास कर रहा है तो कोई जिम में अपनी फिटनेस बरकरार रखने के लिए व्यायाम कर रहे है। खिलाड़ियों के अलावा पुलिस और सेना में भर्ती होने के लिए जवान यहां पर अभ्यास करने में जुटे है। मैदान के चारों ओर खिलाड़ियों के ग्रुप खूब दौड़ लगा रहे है।

खिलाड़ी संदीप, मंजीत, कुनाल, लोकेश, मोहित, योगेश, मित्तू, आशीष, तेजस्वी, विशाल, पंकज, नमित, सोनू, मन्नत, रिषी, दीपक, रोहित, अंकित, अक्षय आदि ने बताया कि दौड़ एक ऐसा खेल है, जिसका घर पर अभ्यास नहीं कर सकते। लॉकडाउन के दौरान सभी खेल स्टेडियम बंद कर दिए गए थे। ऐसे में वे घर पर दौड़ का तो अभ्यास नहीं कर पाए, लेकिन अपनी फिटनेस का ठीक रखने के लिए रस्सा कूदना, पैडी करना, दंड और योगाभ्यास किया। जिसके चलते अपने शरीर को कुछ हद तक फिट रख पाएं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के बाद पहले खिलाडि़यों और उनके अभिभावकों के मन में भी थोड़ा भय था। इसलिए काफी कम संख्या में खिलाड़ी अभ्यास करने आते थे। छोटी उम्र के बच्चें तो बिल्कूल भी नहीं आते थे। लेकिन अब काफी संख्या में खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते है। उन्होंने बताया कि सुबह-शाम करीब एक से डेढ़ घंटे तक दौड़ का अभ्यास करते है।

खिलाड़ियों के साथ-साथ सेना व पुलिस व में भर्ती होने वाले युवा भी पहुंच रहे मैदान में : तलाव गांव स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में जहां नियमित रूप से दौड़ का अभ्यास करने वाले खिलाड़ी जमकर पसीना बहा रहे है। वहीं सेना व पुलिस में भर्ती होने की लालसा लिए युवक भी मैदान में खूब अभ्यास कर रहे है। भारतीय सेना, दिल्ली पुलिस सहित अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होने के लिए फिजीकल टेस्ट की तैयारी कर रहे है। दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर का टेस्ट पास कर चुके विनय ने बताया कि अब वो फिजीकल टेस्ट की तैयारी कर रहा हूं। कोरोना महामारी के चलते फिजीकल टेस्ट स्थगित कर दिया गया था। लेकिन अब सिपाही रैंक के फिजीकल टेस्ट शुरू हो गए है। अब उन्हें भी लगता है कि उनके फिजीकल टेस्ट की डेट भी जल्द जारी कर दी जाएगी। जिसके चलते सुबह-शाम स्टेडियम में अभ्यास कर रहा हूं।

Tags

Next Story