Weather Updates : हरियाणा में फरवरी का महीना अपेक्षाकृत रहा गर्म

Weather Updates : हरियाणा में फरवरी का महीना अपेक्षाकृत रहा गर्म
X
हरियाणा कृषि विश्विद्यालय हिसार के कृषि मौसम वेधशाला में दर्ज आंकड़ो के अनुसार 22 फरवरी को 30 डिग्री, 23 फरवरी को 31डिग्री, 24 फरवरी को 32 डिग्री, 25 फरवरी को 31 डिग्री व 26 फरवरी को 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।

हिसार : हरियाणा में इस वर्ष फरवरी महीने में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक 2010 के बाद दर्ज हुआ है। राज्य में 21 फरवरी के बाद लगातार दिन के तापमान में बढोतरी देखी गई है।

हरियाणा कृषि विश्विद्यालय हिसार के कृषि मौसम वेधशाला में दर्ज आंकड़ों के अनुसार 22 फरवरी को 30 डिग्री, 23 फरवरी को 31डिग्री, 24 फरवरी को 32 डिग्री, 25 फरवरी को 31 डिग्री व 26 फरवरी को 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । इस सीजन का 26 फरवरी सबसे गर्म दिन रहा जब दिन का तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इससे पहले 2010 में 28 फरवरी को 35.4 डिग्री दर्ज किया गया था परन्तु इससे पहले विश्विद्यालय की मौसम वेधशाला में दर्ज आंकड़ों का विश्लेषण करें तो 17 फरवरी 1993 को 32.8 डिग्री, 28 फरवरी 1985 में 32.7 डिग्री व 28 फरवरी 1980 को 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है।

आंकड़ों के अध्ययन से पता चलता है कि फरवरी महीने में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक कम ही पहुंचता है तथा 2011 से 2020 के दौरान फरवरी में कोई भी ऐसा दिन नही रहा जब अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार किया हो।

इस वर्ष में फरवरी के गर्म रहने का मुख्य कारण सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा प्रभाव मैदानी क्षेत्रों पर न होना है। फरवरी में केवल एक ही पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय प्रभाव हरियाणा के ज्यादातर क्षेत्रों में देखने को मिला जिससे 3 व 4 फरवरी 2021 को कहीं -कहीं बारिश हुई। इस बार फरवरी महीने में ज्यादातर पश्चिमी विक्षोभ ऊपर पहाड़ों की तरफ चले जाने व मैदानी क्षेत्रों में अपना प्रभाव न डालने से हवायों में बार बार बदलाव हुआ तथा पश्चिमी खुश्क हवाएं लगातार चलने से फरवरी के अंतिम सप्ताह में दिन का तापमान लगातार बढ़ता गया।

इस वर्ष फरवरी महीने में लगातार 6 दिन 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर अधिकतम तापमान रहा। दिन के तापमान के साथ साथ इस वर्ष फरवरी के अंतिम सप्ताह में रात्रि तापमान भी सामान्य से अधिक रहा, परन्तु पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कल 27 फरवरी को दिन का तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिर कर 28.4 डिग्री पहुंच गया ।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कल 1 मार्च तक हरियाणा राज्य में मौसम परिवर्तनशील रहने व बीच-बीच में आंशिक बादलवाई व हवाएंं चलने की संभावना है जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट बनी रहने की संभावना है परन्तु 2 मार्च से 6 मार्च के बीच मौसम आमतौर पर खुश्क रहने, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने तथा उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।

Tags

Next Story