गंदगी कैसे होगी दूर : 15 साल से सफाई कर्मियों की नहीं हुई भर्ती, महज 50 कर्मी के भरोसे महेंद्रगढ़ शहर की सफाई व्यवस्था

गंदगी कैसे होगी दूर : 15 साल से सफाई कर्मियों की नहीं हुई भर्ती, महज 50 कर्मी के भरोसे महेंद्रगढ़ शहर की सफाई व्यवस्था
X
फिलहाल नगर पालिका के पास 52 पक्के तथा 17 कच्चे सफाई कर्मचारी है। जिनमें से तीन कर्मचारियों को दरोगा बनाया हुआ है। वहीं सप्ताह में एक दिन प्रत्येक सफाई कर्मचारी का अवकाश मिलता है।

महेश कुमार यादव : महेंद्रगढ़

महेंद्रगढ़ नगर पालिका स्वच्छता रैंकिंग में लगातार पिछड़ता जा रहा है। पिछले वर्ष शहर स्वच्छता रैंकिंग में 190 स्थान पर था। शहर के लगातार स्वच्छता रैंकिंग में पिछड़ने का एक कारण नगर पालिका के पास पर्याप्त सफाई कर्मचारियों का ना होना भी है।

नगर पालिका में करीब 15 वर्ष पहले कच्चे सफाई कर्मचारियों की भर्ती हुई थी। उसके बाद अभी तक नगर पालिका में दोबारा सफाई कर्मचारियों की भर्ती नहीं हुई है। फिलहाल नगर पालिका के पास 52 पक्के तथा 17 कच्चे सफाई कर्मचारी है। जिनमें से तीन कर्मचारियों को दरोगा बनाया हुआ है। वहीं सप्ताह में एक दिन प्रत्येक सफाई कर्मचारी का अवकाश मिलता है। प्रतिदिन मानें तो करीब 10 कर्मचारी अवकाश पर रहते है। इसके अलावा तीन सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के आवास, एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति विधायक राव दानसिंह, दो कर्मचारियों की ड्यूटी एसडीएम ऑफिस तथा तीन सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आवास पर लगाई हुई है। ऐसे में करीब 50 कर्मचारियों पर पूरे शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा होता है।

15 साल से नहीं हुई है सफाई कर्मचारियों की भर्ती

शहर की आबादी लगातार बढ़ती जा रही है। लेकिन आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की भर्ती नहीं हो रही है। सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। वर्तमान महेंद्रगढ़ शहर के वोटरों की संख्या 21033 है। जबकि शहर की आबादी 50 से अधिक पहुंच चुकी है। तय मानक अनुसार 400 की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी होना चाहिए। ऐसे में शहर में करीब 125 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। लेकिन सरकारी कार्यालय व अवकाश पर रहने वाले कर्मचारी को छोड़ दे तो करीब 50 सफाई कर्मचारियों पर पूरे शहर की सफाई का जिम्मा होता है।

इन स्थानों पर फैली होती है ज्यादा गंदगी

शहर में सैनी सभा के समीप, महिला आईटीआई गेट, सब्जी मंडी केे पास, मोहल्ला वाल्मीकि, खटीकान, माता संतोषी देवी मंदिर, डुलाना रोड सहित शहर के अनेक जगहों पर कूड़े के ढेर लगे रहते है।

सरकार को भेजी जाएंगी डिमांड

नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी ने बताया कि नगर पालिका की ओर जल्द ही विकास को लेकर पहली बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था प्रमुख मुद्दा रहेगा। सभी पार्षदों के साथ बैठक कर जितने सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है उनकी डिमांड सरकार के पास भेजी जाएगी।

Tags

Next Story