चोरों ने श्मशान घाट को भी नहीं छोड़ा, उखाड़ ले गए शेड और गेट

हरिभूमि न्यूज : बहादुरगढ़
बहादुरगढ़ में चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मकान, दुकान, फैक्ट्री, स्कूल और यहां तक कि मंदिर व श्मशान घाट जैसे धार्मिक-सामाजिक स्थलों को भी चोर नहीं छोड़ रहे। अब एक श्मशान घाट में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर श्मशान घाट से शेड, पोल, लोहे की चद्दर, कैंची और यहां तक कि गेट तक उखाड़ ले गए। वारदात के बाद लोगों में रोष है। पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।
मामला गांव दहकोरा का है। पुलिस को दी शिकायत में ग्राम सचिव पवन का कहना है कि रात को चौकीदार ने उनको सूचना दी कि श्मशान घाट में चोरी हो गई है। फिर सुबह वह मौके पर गए। चौकीदार की सूचना सही पाई। श्मशान घाट परिसर के अंदर सब अस्त व्यस्त था। चोरों द्वारा खूब उत्पात मचाया गया था। जांच करने पर शेड, पोल, लोहे की चद्दर और एक गेट गायब मिला। इसके बाद ग्रामीणों से पूछताछ की।
अपने स्तर पर जांच की लेकिन चोरों का कुछ पता नहीं चला। फिर पुलिस को शिकायत दी। इस वारदात से ग्रामीण भी आहत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ये भी शर्मनाक घटना है। श्मशान घाट जैसे सामाजिक स्थल को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। पुलिस जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदात सुलझाए। गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करे। उधर, सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ग्राम सचिव की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में गंभीरता से जांच चल रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर वारदात सुलझाई जाएगी। बता दें कि चंद दिन पहले गांव बामड़ोला के मंदिर में चोरी हुई थी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS