चंडीगढ़ पर दावे का असर : इस बार हरियाणा में नहीं बिकेगी पंजाब की गेहूं, सरकार ने लगाई रोक, बॉर्डर पर पुलिस तैनात

चंडीगढ़ पर दावे का असर : इस बार हरियाणा में नहीं बिकेगी पंजाब की गेहूं, सरकार ने लगाई रोक, बॉर्डर पर पुलिस तैनात
X
पुलिस के जवान अब पंजाब से आने वाली गेहूं को रोकने के लिए इन नाकों पर पहरेदारी कर रहे हैं। अंबाला के एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने भी साफ किया कि इस बार पंजाब का एक दाना गेहूं का यहां की मंडियों में बिकने नहीं दिया जाएगा।

हरिभूमि न्यूज : अंबाला

चंडीगढ़ पर पंजाब के दावे का असर इस बार अनाज मंडियों पर दिखता नजर आ रहा है। राज्य सरकार ने पंजाब से हरियाणा की मंडियों में आने वाली गेहूं की फसल को तुरंत रोकने के आदेश जारी किए हैं। यानि इस बार पंजाब का दाना भी हरियाणा की मंडियों में नहीं बिक पाएगा। सरकार के आदेश आते ही पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए पंजाब की सीमा से सटी सड़कों पर 19 नाके लगाए गए हैं। पुलिस के जवान अब पंजाब से आने वाली गेहूं को रोकने के लिए इन नाकों पर पहरेदारी कर रहे हैं। एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने भी साफ किया कि इस बार पंजाब का एक दाना गेहूं का यहां की मंडियों में बिकने नहीं दिया जाएगा।

पुलिस की ओर से अभी तक पंजाब से आने वाली गेहूं को रोकने के लिए 19 नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर 8 से दस जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस की मानें तो अभी तक 150 से ज्यादा कर्मियों को इन नाकों पर तैनात किया गया है। अंबाला में पंजाब की सीमा 5 थाना क्षेत्रों से लगती है। इसी वजह से पंजाब के किसान हर सीजन अपनी फसल बेचने के लिए अंबाला की मंडियों में आते हैं। मगर इस बार ऐसा होता दिख नहीं रहा है। सरकार के आदेश के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। पंजाब से आने वाली ट्रॉलियों को वापिस भेजा जा रहा है। हर साल पंजाब के किसान यहां धान व गेहूं की फसल बेचने के लिए लेकर आते हैं। इसी वजह से यहां मंडियों में अधिक अनाज पहुंच जाता था। इसके कारण स्थानीय किसानों को अनाज मंडी में अपनी फसल बेचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो ऐसी स्थिति बन जाती थी कि पंजाब किसान अपनी फसल बेच जाते हैं जबकि अंबाला के किसानों की फसल नहीं बिक पाती।

पुलिस ने यहां लगाए गए नाके

अब पुलिस की ओर से 19 जगह नाके लगाए गए हैं। इनमें न्यू बाईपास सारंगपुर, मसीगंण देवीगढ़ रोड, सन्नौर रोड, कंगवाल से बिंजलपुर रोड, इस्माईलपुर से सराला, सद्दोपुर , जडौत, कलरहेड़ी , जमीतगढ़, देवी नगर, भड़ी मोड, भडोग, तसिबंली, रायवाली, उज्जल माजरी, कालाअंब, टोका साहिब, खेलन मालन शामिल हैं। इन नाकों पर पुलिस के जवान दिन रात पहरेदारी कर रहे हैं। पुलिस की मानें तो जरुरत पड़ने पर दूसरी जगह पर भी नाकाबंदी की जाएगी।

एमएसपी से ज्यादा रेट पर बिकी सरसों

इस बार अनाजमंडियों में सरसों की फसल एमएसपी से भी ज्यादा रेट पर बिक रही है। मजे की बात है कि सरकार की ओर से पंजाब से आने वाली गेहूं की फसल को रोक दिया गया है जबकि पंजाब के किसान सरसों की फसल को बेखौफ होकर बेच रहे हैं। किसानों ने बताया कि इस बार राज्य सरकार की ओर से सरसों पर एमएसपी का 5050 रुपये का रेट तय किया गया था। मगर मंडी में छह से सात हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से सरसों की बिक रही है।

19 जगह नाकाबंदी : एसपी

यह बिल्कुल सही है कि इस बार सरकार की ओर से पंजाब से आने वाली गेहूं की फसल को रोकने के आदेश दिए हैं। इसके लिए हमने 19 जगह नाकाबंदी कर दी है। पंजाब की गेहूं का एक दाना भी यहां आने नहीं दिया जाएगा। सभी नाकों पर तैनात जवानों को जरुरी आदेश दिए गए हैं। ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। - जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी, अंबाला

Tags

Next Story