रोहतक में जज को जान से मारने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस

रोहतक में जज को जान से मारने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस
X
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

रोहतक : जिला न्यायालय के एक न्यायाधीश को धमकी भरा ईमेल मिलने से सनसनी फैल गई। न्यायाधीश को कोर्ट में घुसकर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई है। साथ ही आरोपित ने अपना नाम और मकान का पता भी भेजा है। जिसमें तरह-तरह की चेतावनी दी गई हैं। आरोपित खुद को आतंकी भी बता रहा है। जज को धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी सकते में आ गए। पुलिस को अलर्ट करते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। जांच में पता चला है कि ईमेल कई और अधिकारियों को भी भेजी गई है, इसकी जांच की जा रही है। दो टीम गठित कर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, ईमेल में आशुतोष चौधरी नाम के युवक द्वारा न्यायाधीश को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। इसमें अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। साथ ही गोली मारने की भी धमकी दी गई है। कहा गया है कि वह कोई सामान्य व्यक्ति नहीं है। आरोपित खुद को आतंकी बता रहा है। उसका कहना है कि जितनी पुलिस अपने साथ रखोगे, उतनी ही गोलियां मारी जाएंगी। जज से जवाब भी मांगा गया है। ईमेल में सनसिटी के एक मकान का पता भी दिया गया है। ईमेल में कहा गया है कि जितनी पुलिस उसके पीछे लगानी है लगा दो। ईमेल कई और अधिकारियों को भी भेजी गई है। आर्य नगर पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसपी ने आर्य नगर पुुलिस को तत्परता से कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

कोई हो सकता है सिरफिरा

ईमेल में जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया है, उससे पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। आरोपित ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है। पुलिस की शुरुआती जांच में पुलिस मान कर रही चल रही है कि यह किसी सिरफिरे का काम हो सकता है। जो किसी बात से परेशान हो। लेकिन अभी आरोपित के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

साइबर सैल समेत दो टीमें कर रही जांच

आर्य नगर पुलिस और साइबर सैल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों टीम आईटी एक्सपर्ट की मदद से आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। ईमेल और कम्प्यूटर की लोकेशन की जानकारी लेने के लिए उच्च अधिकारियों से बातचीत की गई है।

डायरेक्टर की मेल बनाई गई थी फर्जी

हाल ही में पीजीआई के डायरेक्टर की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर लोगों को मेल करने का मामला सामने आया था। पुलिस ने शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर लिया था। मामले के अनुसार, पीजीआई के डायरेक्टर डॉ. एसएस लोहचब ने शिकायत दी किसी ने उनकी ईमेल आईडी फर्जी बनाई है। इससेे अन्य अधिकारियों को 20 जून को ईमेल किए गए हैं। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

जो पता ईमेल में दिया गया है, उस पते पर छापेमारी की गई लेकिन वहां ताला लगा हुआ मिला है। अभी आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की छानबीन की जा रही है। -रोहताश सिंह, एसएचओ आर्य नगर थाना

आरोपित की तलाश

जज को धमकी भरा मेल भेजे जाने की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर आर्य नगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। साइबर और अन्य टीमें जांच कर रही हैं। आरोपित की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक

Tags

Next Story