Farmers protest : किसान आंदोलन में फिर दो किसानों की मौत

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन में किसानों की मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा। अब दो और किसानों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक पंजाब का तो दूसरा किसान जींद के कंडेला का रहने वाला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करा दी है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा होने की संभावना है।
मृतकों की पहचान करीब 57 वर्षीय जगतार सिंह और करीब 60 वर्षीय करण सिंह के रूप में हुई है। दरअसल, फिरोजपुर पंजाब का निवासी जगतार सिंह पिछले लंबे समय से इस आंदोलन से जुड़ा हुआ था। वह यहां नजफगढ़ फ्लाईओवर के नजदीक ठहरा हुआ था। बताते हैं कि बीती रात करीब साढ़े 12 बजे जगतार की तबीयत बिगड़ गई। साथी किसानों ने उसको संभाला तो सांसें थम चुकी थी। इसके बाद अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकाें ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, दूसरी तरफ जींद के कंडेला का निवासी करण सिंह भी आंदोलन से जुड़ा हुआ था। वह शनिवार की अल सुबह आंदोलन में दूध की सप्लाई देने आया। यहां किसान चौक के नजदीक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में ले गए तो उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। किसी बीमारी या हृदयघात से मौत की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र के थानों की पुलिस अस्पताल में गई और किसानों से पूछताछ शुरू की। मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना है। लगातार हो रही मौतों पर आंदोलनकारी किसानों ने भी दु:ख जताया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS