मारने की धमकी देकर ई-रिक्शा चालक से वसूले दो लाख 80 हजार

मारने की धमकी देकर ई-रिक्शा चालक से वसूले दो लाख 80 हजार
X
पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात सहदेव के साथ हुई है। सहदेव बेगूसराय बिहार का रहने वाला है। काफी समय से यहां पटेल नगर में रह रहा है। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पोषण कर रहा है।

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़। शहर में ई-रिक्शा चलाने वाले एक प्रवासी व्यक्ति से बेटी को उठाने व परिवार को मारने की धमकी देकर दो लाख 80 हजार रुपए की वसूली की गई है। अज्ञात शख्स पर आरोप है। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात सहदेव के साथ हुई है। सहदेव बेगूसराय बिहार का रहने वाला है। काफी समय से यहां पटेल नगर में रह रहा है। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पोषण कर रहा है।

सहदेव का कहना है कि पिछले करीब आठ महीने से एक व्यक्ति उन्हें फोन पर बहुत परेशान कर रहा है। वह व्यक्ति खुद की पहचान संदीप द्विवेदी बताता है। कहता है कि मेरे खाते में रुपए डलवा दे नहीं, तो तेरी बेटी को उठवा लूंगा और तुझे जान से मार दूंगा। इस तरह से धमकी देकर बीते आठ महीने से कभी 20 हजार तो कभी 30 हजार रुपए मांगता है। बीती 14 फरवरी को भी उस शख्स ने फोन करके 30 हजार रुपए की डिमांड की।

सहदेव के अनुसार डरा-धमकाकर आरोपित अब तक उससे दो लाख 80 हजार 100 रुपए वसूल चुका है। वह अब और रुपए देने में सक्षम नहीं है और बहुत परेशान हो चुका है। उसने पुलिस को दी शिकायत में आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा करने की गुहार लगाई है। शिकायत के आधार पर सेक्टर-6 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रुपयों की डिमांड करने वाले आरोपित के मोबाइल नम्बर और खाते की जानकारी पुलिस ने जुटा ली है। इस आधार पर उस तक पहुंचने की कोशिश करेगी।

Tags

Next Story