जेल में कैदी पर चाचा ने किया हमला, एएसआई और हैड कांस्टेबल सस्पेंड

जेल में कैदी पर चाचा ने किया हमला, एएसआई और हैड कांस्टेबल सस्पेंड
X
भूमि के विवाद में झगड़े की आशंका के चलते चाचा व भतीजा को हवालात में बंद किया गया था, निजी अस्पताल में घायल की हालत बेहद चिंताजनक।

पानीपत। पानीपत के हुडा सेक्टर 13/17 पुलिस स्टेशन में झगड़े की आशंका के चलते हवालात (बंदी गृह) में बंद पानीपत के गांव बाबैल निवासी बलवान ने वीरवार की सुबह अपने सगे भतीजे सुशील के सिर व मुंह पर डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं सुनील को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां सुशील को डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर रखा है। इधर पुलिस अधीक्षक शशांक शेखर ने सहायक पुलिस इंस्पेक्टर अनूप व हैड कांस्टेबल रकम सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं थाना हुडा सेक्टर 13/17 पुलिस ने बलवान के खिलाफ सुशील पर जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

चाचा-भतीजों में भूमि को लेकर चल रहा विवाद

बलवान निवासी गांव बाबैल के साथ भूमि के बंटवारे को लेकर उनके भतीजों सुनील व सुशील का विवाद चल रहा है। बलवान ने अपने भतीजों के खिलाफ विवादित भूमि की जुताई करने के आरोप में हुडा सेक्टर 13/17 में शिकायत दे रखी थी। वहीं शिकायत की जांच को लेकर एएसआई अनूप ने दोनों पक्ष 31 मार्च को थाने बुलाया था। थाना परिसर में सुनील व बलवान के बीच भूमि को लेकर विवाद हुआ, वहीं दोनों पक्षों के बीच झगड़े की आशंका को देखते हुए एएसआई अनूप ने आईपीसी 107/151 के तहत दोनों को हवालात में बंद कर दिया। वीरवार की सुबह बलवान ने हवालात में डंडे से सो रहे अपने भतीजे सुशील पर हमला कर दिया।

वहीं जब तक पुलिस अधिकारी व कर्मी हवालात में पहुंचे तब तक गंभीर चोट लगने के कारण सुशील बेहोश हो चुका था। आनन फानन में सुशील को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं सुशील का उपचार कर रहे डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि सुशील के मुंह व सिर पर गंभीर चोटे लगी है और उसकी हालत बहुत ही चिंताजनक है, सुशील को वेंटिलेटर पर रखा गया है। इधर, घायल सुशील के भाई सुनील ने बताया कि चाचा बलवान के साथ विवाद को खत्म करने के लिए कई बार पंचायत हो चुकी है, बलवान पंचायती फैसला भी नहीं मान रहा है।



Tags

Next Story