बेराेजगारी : 2015 में हुई थी अंतिम सेना भर्ती, अब ओवरएज हो गए हरियाणा के लाखों युवा

सतीश सैनी : नारनौल
महेंद्रगढ़ जिले में अंतिम सेना भर्ती साल 2015 में नारनौल शहर के अंदर हुई थी। उसके बाद सेना भर्ती का अकाल पड़ा है। इसके बाद जरूरत एक-दो बाद दूसरे जिले में चली सेना भर्ती में यहां के युवाओं की भागीदारी रही। दो साल से कोविड महामारी की वजह से हजारों युवा ओवरएज हो चले हैं। हाल-फिलहाल भर्ती की तैयारी कर रहे पूरे हरियाणा में लाखों युवाओं को भी भविष्य में ओवरएज होने का डर भी सताने लगा है। इससे युवाओं में आक्रोश है।
सैनिकों की खान है हरियाणा की भूमि
हरियाणा की भूमि को सैनिकों की खान कहा जाता है। हरियाणा देश की आबादी का दो प्रतिशत ही नेतृत्व करता है लेकिन सैन्य बलों में उसकी उपस्थिति 10 फीसदी तक है। प्रदेश में सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की संख्या करीब 19 लाख है। हर साल छह हजार से ज्यादा युवा अपने दम पर सेना में एंट्री करते हैं। सेना में अभी लगभग 1.75 लाख जवान हमारे प्रदेश से हैं, जबकि दिसम्बर-2019 के डाटा के अनुसार आर्मी से 240892, नेवी से 13988 और वायुसेना से 18557 अर्थात कुल अधिकारी जेसीओ व अन्य मिलकर 273437 सैनिक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में पंजीकृत हैं जोकि रिटायर हो चुके हैं।
प्रदेश में सबसे ज्यादा जवान देने वाला जिला रेवाड़ी है। अभी रेवाड़ी के 25 हजार युवा सेना में हैं। इतना ही नहीं, हरियाणा ने देश को जनरल वीके सिंह और जनरल दलबीर सिंह सुहाग जैसे पराक्रमी दो सेनाध्यक्ष भी दिए हैं। अकेले महेंद्रगढ़ जिले की बात करें तो सैनिक बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक करीब 20 हजार 850 पूर्व सैनिक हैं। आर्मी के 20198, नेवी के 358 व एयरफोर्स के 294 से सेवानिवृत सैनिक हैं। हाल फिलहाल की बात करें तो महेंद्रगढ़ जिले के 11 हजार 576 जवान अलग-अलग सेना में ड्यूटी दे रहे है। इस तरह जिले में 32 हजार 426 सैनिक परिवार हैं। यहीं नहीं, इस देश की रक्षा करते हुए जिला के 187 जवानों ने शहादत दी हुई है। अवार्ड की बात करें तो दो विक्टोरिया क्रॉस अवार्ड, दो मिल्ट्री क्रॉस, एक अशोक चक्र, दो कीर्ति चक्र, 10 वीर चक्र, 12 शौर्य चक्र, 45 सेना मेडल व दो नौसेना मेडल से यहां के जवानों को सम्मान मिला है।
सरकार जल्द निकाले सेना भर्ती, युवा हो रहे ओवरएज
नारनौल में विजय एथलेटिक्स एकेडमी चला रहे संचालक वीर महरमपुर ने बताया कि भारतीय सेना में सैनिक जीडी के आवेदन के लिए आयु साढ़े 17 से 21 वर्ष है। सैनिक क्लर्क, सैनिक तकनीकी, नर्सिंग सहायक एवं ट्रेडसमैन भर्ती के लिए आयु साढ़े 17 से 23 साल तय है। जिले में सेना भर्ती रैली नहीं होने से युवाओं को नुकसान हो रहा है। महेंद्रगढ़ जिला सहित दक्षिणी हरियाणा के जिले के युवाओं की सेना भर्ती मार्च-2021 में हिसार कैंट में हुई थी। करीब सात दिन चली इस भर्ती में रोजाना 5000 युवा दौड़ लगा रहे थे। उसके बाद अभी तक एक भी भर्ती नहीं हो पाई है।
अकेले महेंद्रगढ़ जिला की बात करें तो नारनौल में साल-2015 में सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सेना भर्ती हुई थी। उसे भी सात साल बीत चुके है। नई भर्ती नहीं निकलने की वजह से आस-पास के जिला में करीब पांच लाख ऐसे युवा होंगे, जो ओवरएज हो चुके है। उनकी खुद की एकेडमी में 30 से अधिक युवा ऐसे रहे, जिन्होंने दिन-रात भागदौड़ की पर भर्ती नहीं निकलने की वजह से अब वह ओवरएज हो गए। सरकार से मांग है कि ऐसे युवाओं को स्पेशल छूट दें और सेना भर्ती जल्द से जल्द निकाली जाए।
एयरफोर्स : 2020 व 2021 में निकाली भर्ती, अभी तक नहीं आया रिजल्ट
एयरफोर्स ने एयरमैन एक्स व वाई ग्रुप के लिए जनवरी-2020 में भर्ती निकाली गई। नवंबर-2020 में लिखित परीक्षा कराई। साल-2021 के जनवरी माह में फिजिकल व फरवरी माह में मेडिकल हुआ। दो माह बाद अप्रैल में एनरोलमेंट लिस्ट जारी होनी थी, वह अभी तक नहीं हो पाई। इसी तरह जनवरी 2021 में विज्ञप्ति जारी कर जुलाई-2021 में लिखित परीक्षा करवाई थी। जिसका अभी तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। इसके बाद एयरफोर्स में कोई भर्ती नहीं आई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS