सिरसा में 18 जून को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली करेंगे : बिप्लब देब

सिरसा में 18 जून को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली करेंगे : बिप्लब देब
X
भाजपा हरियाणा प्रभारी ने कहा, योग दिवस कार्यक्रम के तहत 21 जून को हर शक्ति केन्द्र पर कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की नौ साल की उपलब्धियों को पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच लेकर जाएंगे, उन्हें बताएंगे कि सरकार ने क्या-क्या कल्याणकारी योजनाएं चलाई है।

भाजपा हरियाणा प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब (Biplab Deb) ने कहा है कि हरियाणा में 30 जून तक 13 बड़े कार्यक्रम तय किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से रैली, व्यापारी संगठनों से बातचीत, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क, 21 जून को योग दिवस सहित अन्य आयोजन होंगे।

बिप्लब देब हांसी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जून माह में ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किए जाएंगे। हरियाणा के हर लोकसभा क्षेत्र में बड़ी रैली होगी जिसके तहत 18 जून को सिरसा में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली रखी गई है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर में 10 लाख बूथों पर डिजिटल रैली करेंगे। योग दिवस कार्यक्रम के तहत 21 जून को हर शक्ति केन्द्र पर कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की नौ साल की उपलब्धियों को पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच लेकर जाएंगे, उन्हें बताएंगे कि सरकार ने क्या-क्या कल्याणकारी योजनाएं चलाई है। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जो शुरुआत में हमारे संगठन से जुड़े थे, उनसे संपर्क किया जाएगा, उनकी कुशलक्षेम पूछी जाएगी और उनका मार्गदर्शन लिया जाएगा।

बिप्लव देब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक उंचाइयों को छुआ है। आज भारत पहले वाला भारत नहीं बल्कि विश्व को नेतृत्व देने वाला देश बन रहा है। राम मंदिर निर्माण व कश्मीर से धारा 370 हटाने जैसे फैसले मामूली नहीं है, कोई सरकार ऐसा करने की हिम्मत नहीं कर पाई लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति ने ऐसा कर दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि अपनी उपलब्धियों व जनता के सहयोग की वजह से केन्द्र व प्रदेश में तीसरी बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि पहले ये माना जाता था कि भाजपा के लिए नॉर्थ ईस्ट राज्यों में सरकार बनाना बहुत ही मुश्किल कार्य होगा लेकिन हमने जनता के आशीर्वाद से इस असंभव से लगने वाले कार्य को भी संभव करके दिखाया।

इस अवसर पर राई विधायक एवं प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ोली, जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र वीरचक्र, मेयर गौतम सरदाना, हांसी विधायक विनोद भ्याणा, प्रदेश सचिव सरोज सिहाग, सह संयोजक जितेन्द्र ढुल, जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी व अशोक कन्नोजिया, जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा, हांसी मंडल अध्यक्ष अशोक ढालिया, सोशल मीडिया से महेन्द्र सिंह पानू, राजू चायल, बहादुर सिंह नंगथला, प्रेम वर्मा व सुरजीत यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- साइड नहीं मिलने से स्कूटी सवार बाप बेटे ने कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के चालक को पीटा, सफाई कर्मियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

Tags

Next Story