पंजाब चुनाव में जीत के लिए समर्थक का अनोखा काम, पढ़ें

हरिभूमि न्यूज. फतेहाबाद
एक तरफ जहां पंजाब में विधानसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है वहीं कार्यकर्ता भी जी-जान से चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। आम आदमी पार्टी हरियाणा के कार्यकर्ता भी पंजाब चुनावों में पार्टी की जीत को लेकर तैयारियों में जुटे हैं। पंजाब चुनावों में पार्टी के बेहतरीन प्रदर्शन की कामना को लेकर भूना के युवा आप कार्यकर्ता कुलदीप हरितुवाल ने भूना से सालासर तक आप परिवर्तन यात्रा निकाली। आप कार्यकर्ता ने बालाजी दरबार में जाकर माथा टेका और कामना की कि पंजाब में भी दिल्ली की तरह आम आदमी पार्टी को रिकार्ड जीत हासिल हो।
आम आदमी पार्टी की टोपी पहले साइकिल पर सालासर यात्रा के लिए निकले कुलदीप का रास्ते में अनेक जगह कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कुलदीप सिंह ने उन्हें पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली में करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। यात्रा से वापस लौटने पर आम आदमी पार्टी हरियाणा के पश्चिम जोन प्रभारी लक्ष्य गर्ग व जिलाध्यक्ष अजय सिंह झाझड़ा एडवोकेट ने कुलदीप का स्वागत किया और सफल यात्रा पर बधाई दी।
आप नेता श्री गर्ग ने कहा कि पंजाब की जनता भली-भांति जान चुकी है अब तक यहां की सत्ता में रहे नेताओं ने सिर्फ अपनी तिजोरियां भरने का काम किया। जनता के हितों से उन्हें कोई सरोकार नहीं था। पंजाब की जनता का अब ऐसे राजनेताओं से मोह भंग हो चुका है और इन विस चुनावों में जनता राजनीतिक बदलाव लाते हुए झाडू के निशान को अपना वोट देगी। उन्होंने कहा कि कुलदीप जैसे मेहनती कार्यकर्ताओं की बदौलत आज पार्टी का विभिन्न प्रदेशों में जनाधार बढ़ा है और आने वाला समय आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीति के माध्यम से जनसेवा करने वाली आम आदमी पार्टी का है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS