अनूठी पहल : 'शिक्षा की सवामणी' बच्चों को दिया लेखन सामग्री का प्रसाद

नारनौल। प्रगतिशील शिक्षक ट्रस्ट की ओर से रविवार को एक अनूठी पहल की गई। इस ट्रस्ट ने शिक्षा की सवामणी का आयोजन ट्रस्ट कार्यालय सन प्लाजा में किया। ट्रस्टी नरोतम सोनी ने बताया कि 'शिक्षा की सवामणी' नामक इस प्रकल्प का संयोजन ट्रस्ट अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया। इस सवामणी में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राजकुमार यादव एडवोकेट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व बाल कल्याण अधिकारी विपिन शर्मा व हरियाणा स्कूल के संचालक हितेंद्र शेखर शर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के विषय जानकारी देते हुए संयोजक एवं ट्रस्ट अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि इस अद्भुत सवामणी में भोजन की बजाय 'स्लम एरिया टेलेंट' संस्था के बच्चों को सवामण लेखन सामग्री तौलकर वितरित की गई। उन्होंने बताया कि यह सवामणी ट्रस्ट के तत्वावधान में निरंतर चलती रहेगी। इससे पूर्व डॉ. जितेन्द्र भरद्वाज और अमित शर्मा ने आए हुए मेहमानों का स्वागत किया।
सवामणी का शुभारम्भ करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि ऐसी सवामणी प्रथम बार देखी और सुनी है। जहां किसी के पेट की बजाय ज्ञान की भूख को शांत करने का प्रयास किया गया है। यह अनूठा प्रयोग समाज के हित में नई पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षा देना धर्म का काम है किन्तु शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराना और भी पुण्यदायी है। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील शिक्षक ट्रस्ट ऐसे नवाचारी प्रकल्पों के लिए जानी जाती है। शिक्षा की सवामणी की अनुपम अवधारणा देकर ट्रस्ट ने समाज को नई दिशा दिखाई है। विशिष्ट अतिथि विपिन शर्मा ने कहा कि अगर हम प्रसाद के रूप में शिक्षण सामग्री वितरित करते है तो यह समाज कल्याण की दिशा में सार्थक कदम होगा। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये भोजन पर व्यय करने वाले थोड़ी सी राशि इस सवामणी पर भी खर्च करें तो और भी पुण्य के भागीदार रहेंगे।
हितेंद्र शेखर शर्मा ने कहा कि शिक्षा की सवामणी के विचार ने सेवा के कार्यों को धार्मिकता और सामाजिकता से मिश्रित करने का श्रेष्ठ कार्य किया है। ट्रस्टी भीमसेन शर्मा व अजय कुमार ने स्लम एरिया टेलेंट संस्था के बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें नैतिकशिक्षा का पाठ पढ़ाया। 51 किलो (सवामण) लेखन सामग्री वितरित करने के बाद राज्यमंत्री ने सभी उपस्थित बच्चों को नवरात्रि पर नकद दक्षिणा भी भेंट की।
कार्यक्रम मे मुख्य रूप से डा. कृष्णा आर्य, अमित कुमार, ब्रह्म प्रकाश गौड़, स्लम टेलेंट संस्था से हनी गर्ग, दिव्यांशु, मुकेश दहिया, शिक्षाविद अमीचंद सैनी, भीमसेन शर्मा, खेमचंद शर्मा, प्रदीप कम्प्यूटर, अजय शर्मा, सुभाष सिंगला उपस्थित रहे। सवामणी में प्रसाद के रूप में कॉपी, किताबें, पेन्सिल, पेन आदि लेखन सामग्री बच्चे उत्साहित और आश्चर्यचकित दोनों नजर आएं।
ये भी पढ़ें- एक माह पूर्व तक आसमान में थे फूलों के दाम, अब गेंदा उत्पादक किसान हो रहे परेशान
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS