मकर संक्रांति पर देश में बनेगा सूर्य नमस्कार का अनोखा रिकार्ड, हरियाणा से इतने लोग करेंगे भागीदारी

पंचकूला। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित 75 करोड़ सूर्य नमस्कार आसन उत्सव की श्रृंखला में 14 जनवरी को मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर हरियाणा से लाखों लोग सूर्य नमस्कार में सहभागिता करेंगे। हरियाणा योग आयोग पंचकूला के चेयरमैन डाॅ. जयदीप आर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केन्द्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में 14 जनवरी को पूरे भारत वर्ष के 75 लाख लोग सूर्य नमस्कार आसन के 13 चक्र करेंगे। कई वरिष्ठवान जैसे केन्द्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल एवं योग गुरू ऋषि स्वामी रामदेव प्रातः 7 बजे डीडी न्यूज चैनल पर लाइव आकर सूर्य नमस्कार कर इस यज्ञ में अपनी आहूति डालेंगे।
हरियाणा से कम से कम 5 लाख लोग मकर संक्रांति पर सूर्य नमस्कार के 13 चक्र करेंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग के साथ आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग, सूचना एवं जन संपर्क विभाग, तथा पतंजलि योग समिति की भी भागीदारी रहेगी। एजुसेट के माध्यम से हरियाणा प्रदेश के विद्यालयों के विद्यार्थी भी इस अवसर पर प्रातः 11 से दोपहर 12 बजे तक सूर्य नमस्कार के 13 चक्र करेंगे। प्रदेश में सारकार द्वारा कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एक स्थान पर अधिकतम 50 व्यक्तियों को एक साथ सूर्य नमस्कार करवाया जाएगा। हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार डाॅ हरीश चंद्र ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को सूर्य नमस्कार के लिए प्रेरित किया गया है। हरियाणा प्रदेश अपने निर्धारित लक्ष्य से अधिक इस सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज करेगा।
75 लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य
मकर संक्रांति के पर्व को और अधिक खास बनाने के लिए आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने इस बार बड़ी तैयारी की है। 14 जनवरी को आजादी के अमृत महोत्सव समारोह यानि मकर संक्रांति के दिन दुनिया भर के एक करोड़ से अधिक लोग सूर्य नमस्कार का अभ्यास करेंगे। आयुष मंत्रालय द्वारा मकर संक्रांति पर 75 लाख लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें देश-विदेश के लोग भी शामिल होंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS