रेवाड़ी : नागरिक अस्पताल के वार्ड में बार का नजारा, इमरजेंसी सेवा के कर्मचारी छलकाते जाम, वीडियो वायरल

रेवाड़ी : नागरिक अस्पताल के वार्ड में बार का नजारा, इमरजेंसी सेवा के कर्मचारी छलकाते जाम, वीडियो वायरल
X
अस्पताल सूत्रों के अनुसार रात के समय अस्पताल परिसर में शराब का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों की संख्या सिर्फ 4 तक सीमित नहीं है। कई अन्य कर्मचारी भी मौका मिलते ही लालपरी घट में उडेलने का काम करते हैं।

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी

शाम ढलते ही नागरिक अस्पताल में व्यवस्था संभालने की कमान शराबी कर्मचारियों के हाथों में आ जाती है। अस्पताल के वार्ड को ही बार रूम में बदलकर कर्मचारी जाम छलकाते नजर आते हैं। इनमें वह कर्मचारी शामिल हैं, जिन्हें रात को आपात सेवा में रखा जाता है।

वायरल हो रहे वीडियो में अस्पताल के वार्ड में न सिर्फ जाम छलकाने की सामग्री दिखाई दे रही है, बल्कि दूसरे वीडियो में कर्मचारी इस काम को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। इनमें 2 चालक हैं, जिन्हें आपात स्थिति में एंबुलेंस का स्टीयरिंग थामना होता है। 2 इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन बताए जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार रात के समय अस्पताल परिसर में शराब का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों की संख्या सिर्फ 4 तक सीमित नहीं है। कई अन्य कर्मचारी भी मौका मिलते ही लालपरी घट में उडेलने का काम करते हैं। ऐसे कर्मचारियों से आपात स्थिति में सही सेवाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

अधिकारियों को नहीं परवाह

ड्यूटी के बाद अधिकारियों को यह जानने की आवश्यकता महसूस नहीं होती कि रात के समय इमरजेंसी सेवाओं में ड्यूटी करने वाले कर्मचारी किस तरह से अपने काम को अंजाम देने में तत्पर रहते हैं। आपातकालीन सेवाओं के लिए रात की ड्यूटी करने के वाले मेडिकल आॅफिसर पर इस ओर कोई ध्यान नहीं देते, जिस कारण रात के समय शराब के नशे में कर्मचारी किसी भी अनहोनी का कारण बन सकते हैं।

रात को की जाएगी चेकिंग

सीएमओ सुदर्शन पंवार का कहना है कि उन्हें कर्मचारियों के जाम छलकाने की कोई जानकारी नहीं है। रात के समय स्टाफ की चेकिंग की कार्य तत्काल शुरू किया जा रहा है। इसके बाद अधिकारियों को नियमित रूप से जांच करने का जिम्मा सौंपा जाएगा। ऐसे कर्मचारियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags

Next Story