रेवाड़ी : भ्रष्टाचार मामले में सबूत जुटाने नगर परिषद कार्यालय पहुंची विजिलेंस टीम, अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप

रेवाड़ी : भ्रष्टाचार मामले में सबूत जुटाने नगर परिषद कार्यालय पहुंची विजिलेंस टीम,  अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप
X
विजिलेंस टीम (Vigilance Team) ने कार्यालय का रिकॉर्ड खंगालकर भ्रष्टाचार से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद टीम रवाना हो गई।

हरिभूमि न्यूज : रेवाड़ी

नो ड्यूज सर्टिफिकेट देने के बदले 2 लाख रुपए की मांग करने के मामले में एंटी करप्शन एक्ट के तहत नप के 2 अधिकारियों समेत 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी स्टेट विजिलेंस ब्यूरो, गुरूग्राम की टीम बुधवार को एक बार फिर नप कार्यालय पहुंची। टीम के नप कार्यालय पहुंचने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कार्यालय का रिकॉर्ड खंगालकर भ्रष्टाचार से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद टीम रवाना हो गई।

नप के भ्रष्टाचार को लेकर एसवीबी की टीम ईओ अभयसिह, एमई सोहनपाल व उनके पिता के खिलाफ गत सप्ताह केस दर्ज कर चुकी है। यह केस विजिलेंस को उपलब्ध कराई गई रिकॉर्डिंग के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसकी जांच की जा रही है। अभी तक विजिलेंस की ओर गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई है। विजिलेंस गिरफ्तारी से पहले पर्याप्त सबूत एकत्रित करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में बुधवार को एक टीम ने नप कार्यालय में रिकॉर्ड खंगाला। इस दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एनडीसी संबंधित दस्तावेज जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। हालांकि टीम को लेकर एसएचओ से डीएसपी तक ने किसी तरह की जानकारी नहीं दी, परंतु यह माना जा रहा है कि विजिलेंस पुख्ता सबूतों के बाद ही गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई को अंजाम देगी। विजिलेंस टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि एंटी करप्शन एक्ट में केस दर्ज करने के बाद रिकॉर्ड वेरीफाई करने के लिए यह टीम नप पहुंची थी।

Tags

Next Story