Warning : घर में गैस गीजर लगवाने से पहले रखें ये सावधानियां, नहीं तो हो सकता है बड़ा हादसा

Warning : घर में गैस गीजर लगवाने से पहले रखें ये सावधानियां, नहीं तो हो सकता है बड़ा हादसा
X
सर्दी का मौसम शुरू होते ही लोगों ने गैस गीजर और इलेक्ट्रिक गीजर प्रयोग करने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में गैस गीजर के साथ हादसा होने का अंदेशा भी बढ़़ गया है।

हरिभूमि न्यूज : रोहतक

सर्दी का मौसम शुरू होते ही लोगों ने गैस गीजर और इलेक्ट्रिक गीजर प्रयोग करने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में गैस गीजर के साथ हादसा होने का अंदेशा भी बढ़़ गया है। एकता कालोनी में बुधवार को गैस गीजर से जुड़े गैस सिलेंडर में विस्फोट होने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। एक्सपर्ट का दावा है कि थोड़ी सी सावधानी रखकर इन हादसों से बचा जा सकता हैं। लोग सर्दी में आराम से गैस गीजर का प्रयोग कर सकते हैं। गैस गीजर को चलाने के लिए एलपीजी गैस की जरूरत होती है। एलपीजी से चलने के साथ ही इसमें से खतरनाक गैस निकलती है, जो नुकसान पहुंचा सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार गीजर बाथरूम के बाहर ही लगवाएं। गैस गीजर बाथरूम में हो तो कोशिश करें कि बाथरूम में जाने से पहले गीजर से पानी भर लें।

गैस गीजर को आमतौर पर लोग बाथरूम में लगवाते हैं। बहुत से घरों में बाथरूम छोटे होते हैं। ऐसे में कभी-कभी गीजर में फाल्ट जमा होने के कारण खतरनाक गैस निकलने लगती है। जब कोई बाथरूम मेंं जाता है और पर्याप्त आक्सीजन न मिलने पर वह बेहोश हो सकता है। गैस उसके दिमाग पर असर करती है। ऐसे में कई बार जान का खतरा भी हो जाता है। इसके अलावा गैस लीक होने पर सिलेंडर भी फट सकता है।

ये बरतें सावधानी

गैस गीजर बाथरूम में हो तो कोशिश करें कि बाथरूम में जाने से पहले गीजर से पानी भर लें।

गीजर बाथरूम के बाहर ही लगवाएं। यदि अंदर है तो बाथरूम में हवा आने-जाने का प्रबंध होना चाहिए।

गैस गीजर को एक बार में पांच मिनट से ज्यादा न चलाएं।

किसी हादसे के होने पर एंबुलेंस का प्रबंध कर तत्काल अस्पताल ले जाएं।

गैस सिलेंडर लीक नहीं होना चाहिए।

खतरनाक गैस का कारण गीजर

गैस गीजर से कार्बन मोनो आक्साइड निकलती है, जो खतरनाक गैस होती है। ए गैस खून में आक्सीजन को कम करती है। अगर बाथरूम छोटा है तो गैस गीजर के इस्तेमाल से बचना चाहिए। गीजर से पहले पानी भर लें। गीजर बंद करने के कुछ देर बाद बाथरूम में जाएं। विशेषकर हृदय रोगियों को गैस गीजर के इस्तेमाल से बचना चाहिए।

गीजर खोलते ही बाथरूम में न जाएं

गैस गीजर से लीक होने वाली गैस कार्बन मोनो ऑक्साइड काफी खतरनाक होती है। गैस लीक होती है और व्यक्ति बाथरूम में है तो गैस उसके फेफड़ों तक पहुंच जाती है। इसके बाद व्यक्ति बेहोशी की अवस्था में चला जाता है। बेहोश होने के कारण व्यक्ति को किसी ने नहीं देखा और वह वहीं पड़ा रहा तो गैस लगातार फेफड़ों तक जाती रहेगी। इससे व्यक्ति की मौत भी हो जाती है। यह गैस गंदहीन होती है इसलिए व्यक्ति को पता भी नहीं लग पाता। गैस गीजर खोलते ही बाथरूम में न जाएं। पहले बाहर खड़े होकर बाल्टी भर लें और गीजर बंद कर दें तभी नहाने जाएं। - डॉ. ध्रुव चौधरी, विभागाध्यक्ष, पीसीसीएम, पीजीआई।

बाथरूम के बाहर लगवाएं गैस गीजर

गैस गीजर और सिलेंडर लगवाने में अक्सर लोग गलती करते हैं। सिलेंडर को बाथरूम से बाहर रखा जाना चाहिए। इसके अलावा गैस गीजर को भी बाथरूम से बाहर लगवाना चाहिए। लोग थोड़े से रुपए बचाने के चक्कर में गैस गीजर अंदर लगवा लेते हैं। गीजर की समय पर सर्विस न होने की वजह से हादसा हो सकता है। - मोनू, गैस गीजर, शॉप संचालक

पहले खाली होगा, फिर फट सकता है सिलेंडर

गैस सिलेंडर कभी सीधे नहीं फटता। पहले उसमें आग लगती है। इसके बाद खाली होने पर सिलेंडर फट सकता है। लोगों को सिलेंडर की जांच करनी चाहिए कि वह लीक तो नहीं है। इसके अलावा पाइप को समय-समय पर बदलना चाहिए। गैस चूल्हे के रेगुलेटर को भी समय पर बदलना चाहिए। इसके अलावा चूल्हें और गीजर की सर्विस जरूर करवानी चाहिए। - राजेश कुमार, संचालक गैस एजेंसी

Tags

Next Story