Haryana Mausam Update : हरियाणा के कई जिलों में जमकर बारिश, पहाड़ी व मैदानी इलाकों में मूसलाधार बरसात से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा

Haryana Mausam Update : हरियाणा के कई जिलों में जमकर बारिश, पहाड़ी व मैदानी इलाकों में मूसलाधार बरसात से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा
X
प्रशासन ने नदी के साथ लगते बाढ़ संभावित इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। गनीमत यह है कि फिलहाल यमुना नदी व बरसाती नदियों में जलस्तर की स्थिति कंट्रोल में है। मगर यदि बारिश जारी रही तो यमुना नदी व बरसाती नदियों में जलस्तर बढ़ने से साथ लगते इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है।

Yamunanagar : प्रदेश के कई जिलों जिले में रविवार को रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है। पंचकूला, यमुनानगर, गुरुग्राम समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। उधर, हरियाणा में मौसम विभाग ने 55 शहरों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने 40 से 60 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। वहीं 10 जुलाई को प्रदेश के भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 11 व 12 जुलाई को राज्य के पश्चिमी जिलों में आंशिक बादलवाई व कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी परंतु उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है परंतु 13 जुलाई से एक बार फिर से राज्य में बारिश की संभावना बन रही है।

वहीं पहाड़ी इलाकों में पिछले दो दिन से रुक रुककर हो रही तेज बारिश से रविवार को यमुना नदी का जलस्तर बढ़कर 99 हजार 146 क्यूसिक पहुंच गया। बरसाती नदी सोमनदी व पथराला नदी में उफान आ गया। जिसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन ने नदी के साथ लगते बाढ़ संभावित इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। गनीमत यह है कि फिलहाल यमुना नदी व बरसाती नदियों में जलस्तर की स्थिति कंट्रोल में है। मगर यदि बारिश जारी रही तो यमुना नदी व बरसाती नदियों में जलस्तर बढ़ने से साथ लगते इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है।

हथनी कुंड बैराज के सूत्रों की मानें तो पहाड़ी इलाकों में बीती रात से ही रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। जिसकी वजह से रविवार सुबह से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ना शु: हो गया। रविवार को सुबह दस बजे तक यमुना नदी का जलस्तर 42 हजार 498 क्यूसिक था। जबकि दोपहर के समय यमुना नदी का जलस्तर बढ़कर 53 हजार क्यूसिक पहुंच गया। वहीं, दोपहर एक बजे के करीब यमुना नदी का जलस्तर बढ़कर 83 हजार क्यूसिक हो गया और शाम चार बजे तक यमुना नदी का जलस्तर बढ़कर 99 हजार 146 क्यूसिक पर पहुंच गया। हथनीकुंड बैराज सूत्रों की मानें तो नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और यदि पहाड़ी इलाकों में इसी तरह बारिश जारी रही तो यमुना नदी का जलस्तर अधिक बढ़ सकता है।

बिलासपुर क्षेत्र में बरसाती नदी सोमनदी अपने उफान पर बहती हुई।

बाढ़ संभावित इलाकों में प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी

यमुना नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही नदी के साथ लगते इलाकों में लोगों को जाने से मना किया गया है।

बरसाती नदियों में आया उफान

पिछले दो दिन से मैदानी व पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश से रविवार को जिले की बरसाती नदी सोमनदी व पथराला नदियां उफान पर आ गई। जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई। यमुना नदी व बरसाती नदियों के साथ लगते इलाके के किसान पहरा देकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। किसान सुनील कुमार, इरफान खान, उत्तम सिंह, वीरभान, सुरेश व लोकेंद्र आदि का कहना है कि बरसात के सीजन में पहाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बरसाती सोमनदी व पथराना नदियां भी उफान पर आ जाती हैं। जिससे किसानों की चिंता बढ़ जाती है। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि यदि पहाड़ी इलाकों में बारिश जारी रही तो नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और पानी किनारे तोड़कर उनके खेतों में घुसकर भारी तबाही मचा सकता है।

ये भी पढ़ें- Rewari News : नशेड़ी बॉयफ्रेंड के दबाव में रचा था लूट का नाटक, पुलिस ने आरोपी को काबू कर बरामद की रकम

Tags

Next Story