हरियाणा की नई विधानसभा का रास्ता साफ, चंडीगढ़ प्रशासक ने मानी मांग, यहां बनेगा नया भवन

चंडीगढ़। हरियाणा विधान सभा के लिए नया विधान भवन बनने का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। चंडीगढ़ यूटी के प्रशासक ने विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की मांग को मानते हुए कैपिटल कॉम्पलैक्स के एक किलोमीटर के दायरे में हरियाणा को जमीन देने का निर्णय लिया है। नया विधान भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
उधर, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बजट सत्र की कार्यवाही को प्रभावी बनाने और उसे जनता तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर प्रबंध कर लिए हैं। इस सिलसिले में उन्होंने वीरवार को विधान सभा परिसर के चप्पे-चप्पे का मुयायना कर अधिकारियों को समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने प्रेस सलाहकार समिति के साथ बैठक कर मीडिया कवरेज की रणनीति बनाई। समिति ने सर्वसम्मति से अपना अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव भी चुना। विधान सभा उपाध्यक्ष रणवीर गंगवा और विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बजट सत्र के पहले दो दिनों के लिए प्रश्नकाल का ड्रा भी निकाला गया।
विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ-साथ जनता और विधायिका के बीच कड़ी का काम भी करता है। विधान सत्रों के दौरान मीडिया की भूमिका काफी बढ़ जाती है। इसलिए बजट सत्र के दौरान मीडिया कर्मियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं।
प्रेस सलाहकार समिति के पदाधिकारी चुने गए
हरियाणा विधान सभा की प्रेस सलाहकार समिति ने वीरवार को बैठक कर अपनी समिति के पदाधिकारियों का चयन किया। जिसमें प्रवीण पांडे को अध्यक्ष, विपिन परमार को उपाध्यक्ष और जितेंद्र चौधरी को सर्वसम्मति से सचिव चुना गया है। विधान सभा में प्रेस सलाहकार समिति के पदाधिकारियों का चयन 4 साल बाद हो सका है। इससे पूर्व वर्ष 2018 में पदाधिकारियों का चुनाव हुआ था। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने तीनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS