हरियाणा में बदला मौसम, धूल भरी आंधी के साथ बारिश, मंडियों में किसानों की फसल भी भीगी

हरियाणा प्रदेश में शुक्रवार को दाेपहर बाद एकदम से मौसम बदल गया है। पूरे प्रदेश में धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई है। वहीं मंडियों में किसानों की गेहूं की फसल पड़ी हुई है। खेतों में भी फसल कटने के लिए तैयार खड़ी है। आंधी और बारिश से किसानों का काफी नुकसान होगा। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने लगी थी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा हो गया था। बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।
तेज आंधी में कई टीन शेड उड़े
बहादुरगढ़ में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी में कई टीन शेड उड़ गए, अधिकांश इलाकों में बिजली गुल हो गई। तेज धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे बेशक गर्मी से परेशान लोगों को हल्की राहत मिली। अचानक न्यूनतम तापमान में कमी नजर आई। शहर की सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए, तो तेज हवाओं से पेड़ों की टहनियां गिर गई। मौसम के रुख को देखते हुए अधिकांश इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रही।
पेड़ टूटने से वाहन क्षतिग्रस्त
रोहतक में शुक्रवार शाम को अचानक बदले मौसम की वजह से आंधी शुरू हाे गई। जिसकी वजह से कोर्ट परिसर में स्थित एक पेड़ टूट कर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बिजली के दो खम्बे टूट गए। हादसे के दौरान वकीलों और टाइपिस्ट ने इधर उधर भाग कर अपनी जान बचाई। कई लोगों को हल्की चोट आई है। इस दौरान पेड़ के नीचे खड़े दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डा. एमएल खिचड़ अनुसार आगामी 17 अप्रैल व 20 अप्रैल को पुन: तेज हवाएं चलने एवं कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने का अनुमान है। तब तक मंडी आने वाले किसान अपने अन्न के साथ तिरपाल की व्यवस्था जरूर रखें।
बदले मौसम के मिजाज से धरतीपूत्रों की सांसे अटकी
जींद : बदले मौसम ने किसानों के रौंगटे खड़े कर दिए है। शुक्रवार दोपहर बाद धूल भरी आंधी चली तो हलकी बूंदाबांदी भी हुई। बदले मौसम के चलते किसानों के मात्थे पर सिकन उभरती रही। किसानों का लगातार भय सताता रहा कि बदला हुआ मौसम उनकी मेहनत का बंटाधार न कर दे। वह भी उस दौरान जब खेत खलिहान से लेकर मंडियों तक पीला सोना खुले आसमान तले पड़ा हुआ है। हालांकि बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आकाश में छाये बादलों से बूंदाबांदी के आसार लगातार बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार 20 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। चमक व गर्ज के साथ बारिश व धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकत्तम तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मौसम में आद्रता 24 प्रतिशत व हवा की गति 26 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS