Weather Update : हरियाणा में अब तक 301.8 MM बरसात, बढ़ने लगी उमस वाली गर्मी, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

Mausam Ki Jankari
हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है और उमस व पसीने वाली गर्मी आगाज किए हुए है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल ( हरियाणा ) के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि इस मानसून सीजन में हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है। 9 अगस्त तक हरियाणा में 301.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई जो सामान्य से 18% अधिक है। इस साल मौसम घटना ला-नीना फिर से तीसरे साल भी मजबूत स्थिति में है। आज हरियाणा में कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद और आदमपुर आदि स्थानों पर बिखराव वाली बारिश दर्ज की गई, परंतु अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ और शुष्क बना रहा। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर आंशिक बादलवाही देखने को मिली। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली पर लगातार दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं की आवाजाही बनी हुई है परंतु वर्तमान में कोई प्रभावी मौसमी प्रणाली का प्रभाव यहां नहीं है। साथ ही मानसून टर्फ रेखा भी वर्तमान परिदृश्य में दक्षिणी बनी हुई है। जिस कारण बादलवाही और सिमित स्थानों पर बिखराव वाली बारिश देखने को मिल रही है।
आज भारत के पूर्वी तट पर बने गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र ओड़िसा के तटीय क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है। यह एक डिप्रेशन में आज शाम तक केंद्रित होने की उम्मीद है और आंतरिक ओड़िसा और छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा जिस कारण उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान पर जबरदस्त बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेगी। इस दौरान प्रभावित इलाके में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना बन रही है। इस मौसम प्रणाली का हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों और एनसीआर दिल्ली पर आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा। साथ ही आज मंगलवार को मॉनसून की ट्रफ अब नलिया, अहमदाबाद, इंदौर, जबलपुर, पेंड्रा रोड, कम दबाव के केंद्र और फिर दक्षिण पूर्व की ओर उत्तरी अंडमान सागर से गुजर रही है। इसके अलावा ईस्ट वेस्ट शीयर ज़ोन मोटे तौर पर 19-डिग्री अक्षांश उत्तर में चल रहा है।
एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय है । जिसकी वजह से पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। जिसकी वजह से हरियाणा के उत्तरी जिलों पर हल्की बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। आने वाले दिनों में हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में हल्की बिखराव वाली बारिश देखने को मिलेगी। आज हरियाणा में अधिकतम तापमान 35.0 से 39.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25.0 से 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS