Weather Update : मौसम में हो रहा लगातार बदलाव, 20 किलोमीटर की गति से चली हवाएं, जानें आगे का मौसम का हाल...

Weather Update : हिमालय की ठंडी उत्तरी हवाओं का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा, एनसीआर-दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। रात और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। सुबह-शाम फिर से एक बार ठंड अपने रंग दिखाने लगी है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तरी हवाओं के प्रभाव से पिछले 48 घंटों में तापमान में 1 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आज हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 4.0 से 7.5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सिंगल डिजीट में पहुंच गया है तथा अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है ।
डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी सतही हवाएं 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं और आगामी दो दिनों तक चलती रहेंगी, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है और दो दिनों तक इसी तरह की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। आगामी एक सप्ताह तक दिनों में हरियाणा, एनसीआर-दिल्ली राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, क्योंकि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के अरब सागर के क्षेत्र के ऊपर वायुमंडल के मध्य स्तरों में हवाओं का एक प्रतिचक्रवाती (Anticylonic) तंत्र विकसित होने से आगामी 48 (दो दिनों) घंटों में दिन व रात के तापमान में चार से पांच डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
उन्होंने बताया कि 15 फरवरी के बाद अधिकतम तापमान 25-35 डिग्री सेल्सियस (औसत से अधिक) के आसपास दर्ज होने की प्रबल संभावना है। आज जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान क्रमशः 6.1 और 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि जिला महेंद्रगढ़ में दिन के तापमान में गिरावट जारी है। आज नारनौल का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS