Weather Update : हरियाणा में गुलाबी ठंड का अहसास, आतिशबाजी की वजह से खतरनाक स्तर पर पहुंचा वायु गुणवत्ता सूचकांक

हरियाणा, एनसीआर दिल्ली मौसम शुष्क साफ बना हुआ है। जिससे सम्पूर्ण इलाके में गुलाबी ठंड का अहसास हुआ। दीपावली पर्व पर हुई आतिशबाजी की वजह प्रदेश के कई इलाकों में हवा प्रदूषित हो गई। रेवाड़ी के धारूहेड़ा में एक्यूआई 349 पर पहुंच गया। गत वर्ष की तरह इस बार भी बुधवार को वातावरण में प्रदूषण का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
इस बारे में राजकीय महाविद्यालय के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा, एनसीआर दिल्ली व जिले में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, क्योंकि पिछले दो सप्ताहों से एक प्रति चक्रवात सम्पूर्ण मैदानी राज्यों पर बना हुआ है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में पश्चिमी और उत्तरी हवाओं का प्रभुत्व स्थापित हो गया है और इस दौरान भारत के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की हिमपात जारी है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा, एनसीआर दिल्ली व जिले में उत्तरी पश्चिमी हवाओं की वजह से सुबह शाम की गुलाबी ठंड होने लगी है। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में रात्रि के तापमान में गिरावट जारी है। मंगलवार को हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस से 11.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि आज जिले नारनौल व महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज से 32.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि जिले में नारनौल व महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान क्रमश: 31.0 डिग्री सेल्सियस व 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में दीपावली त्योहारी सीजन पर प्रदेश सरकार और प्रशासन के कड़े कानून तथा जुर्माना के वावजूद सम्पूर्ण इलाके में पराली जलानें और आमजन की ओर से की गई आतिशबाजी से सम्पूर्ण इलाके में पर्यावरण प्रदूषण की स्थिति ने भयावह रूप धारण कर लिया। हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार शाम पांच बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS