Weather Update : हरियाणा से मानसून की विदाई जल्द, 16 जिलों में हुई सामान्य से अधिक बारिश, जानें अब कैसा रहेगा मौसम

Weather Update : हरियाणा से मानसून की विदाई जल्द, 16 जिलों में हुई सामान्य से अधिक बारिश, जानें अब कैसा रहेगा मौसम
X
इस मानसून सीजन में हरियाणा के केवल 6 जिलों अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत और यमुनानगर में ही सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है।

Mausam Ki Jankari

हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में मानसून ने अपनी विदाई से पहले जबरदस्त बारिश की वजह से सम्मानजनक उपस्थिति दर्ज कराई है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में बंगाल की खाड़ी पर बने लो प्रेशर एरिया द्वारा संपूर्ण इलाके में जबरदस्त बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर 100-200 मिलीमीटर और उससे अधिक बारिश हुई। 20 से 25 सितंबर के बीच इस मानसून सीजन की सबसे अधिक बारिश दर्ज हुई है। पिछले डेढ़ महीने से हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में मानसून गतिविधियां नदारद रही, जिस कारण सामान्य बारिश की गतिविधियों से कमी बनी हुई थी परंतु केवल इन तीन दिनों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है।

हरियाणा में 465.3 मिलीमीटर बारिश

इस मानसून सीजन में 26 सितंबर तक हरियाणा में 465.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि आमतौर पर हरियाणा में इस दौरान 428.7 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती रही, जो सामान्य से 9% अधिक दर्ज हुई है। हरियाणा के केवल 6 जिलों अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत और यमुनानगर में ही सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई जबकि शेष 16 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। यानि हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मानसून की विदाई सम्मानजनक उपस्थिति के साथ होगी।

गुलाबी ठंड का होगा आगाज

अगले 24 घंटे बाद दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में एक 'एंटी-साइक्लोन' प्रणाली बनेगी जिस कारण राजस्थान, पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी शुरू होंगी, जिससे वातावरण में नमी की मात्रा में गिरावट भी आएगी और साथ ही सम्पूर्ण इलाके में गुलाबी ठंड का आगाज देखने को मिलेगा। आज एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बना हुआ है। जिस कारण पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के पश्चिमी हिस्से में सिमित स्थानों पर हल्की बिखराव वाली बारिश दर्ज की गई। सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हरियाणा के हिस्सों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व महेंद्रगढ़ जिले में हल्की बिखराव वाली रही। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अधिकतर स्थानों मौसम साफ और शुष्क बना रहा पर। अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री से 34.0 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री से 24.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मौसम साफ और शुष्क बना रहने की संभावनाएं बन रही है।

जल्द होगी मानसून की विदाई

हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मानसून की वापसी के लिए आने वाले दो- तीन दिनों बाद परिस्थितियां और अनुकूल भी हो जाएंगी। सम्पूर्ण हरियाणा व एनसीआर दिल्ली से 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक मानसून की दिल्ली से विदाई और वर्ष 2022 मानसून अलविदा की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं। भारतीय मौसम विभाग ( आईएमडी ) ने कहा है कि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा खाजूवाला, बीकानेर, जोधपुर और नलिया जिलों से होकर गुजर रही है।

Tags

Next Story