Weather Update : हरियाणा सहित उत्तर भारत में फिर सक्रिय होगा मानसून, 16 तक बारिश की संभावना, पढ़ें मौसम अपडेट

Mausam Ki Jankari
उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों और मैदानी राज्यों राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। उत्तर भारत में मानसून 8 अगस्त के बाद से सुस्त बना हुआ है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल ( हरियाणा ) के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से देश के उत्तरी भागों पर कोई सक्रिय मौसम प्रणाली का प्रभाव नहीं रहा, साथ ही मानसून टर्फ रेखा भी वर्तमान परिदृश्य में दक्षिणी बनी हुई है। इस दौरान केवल बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाओं की आवाजाही बनी हुई है जिस कारण सीमित स्थानों पर बिखराव वाली हल्की बारिश दर्ज की जा रही है।
वहीं दक्षिण राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, गुजरात और महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश की गतिविधियां लगातार एक हफ्ते से जारी हैं। परन्तु वर्तमान समय में बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर एरिया बनने से उत्तर भारत में नया बारिश का दौर 14 से 16 अगस्त के बीच देखा जाएगा। 17 से 20 अगस्त के दौरान हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में केवल बिखराव वाली बारिश और आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। इसके बाद एक बार फिर सम्पूर्ण उत्तरी मैदानी राज्यों में बारिश का दौर शुरू होने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं। वर्तमान में गुजरात राज्य पर मौजूद डिप डिप्रेशन अब आगे अरब सागर की तरफ बढ़ गया है। साथ ही मानसूनी टर्फ रेखा सक्रीय मौसमी प्रणाली के कारण दक्षिण में बनी हुई है। शनिवार को मानसून टर्फ रेखा नलिया, उदयपुर, ग्वालियर, सतना, रांची, दीघा होते हुए खाड़ी के उत्तर-पुर्वी खाड़ी से गुजर रही है।
आज रात से ही मानसून टर्फ रेखा का पश्चिमी सिरा वापिस उत्तर भारत की तरफ लौटेगा, जिस कारण बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी भी होगी। इसके अलावा एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिम बंगाल पर बना हुआ है। एक नया लो प्रेशर एरिया उत्तर बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घण्टों में बन जाएगा। जो पश्चिम में बढ़ते हुए शनिवार से 16 अगस्त के बीच, सम्पूर्ण मैदानी राज्यों झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा में झमाझम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेगी। आज हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में और एनसीआर दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बिखराव वाली बारिश देखने को मिलीं। अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहा और आंशिक बादलवाही रही। हरियाणा में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री से 34.0 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री से 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS