Weather Update : हरियाणा, दिल्ली NCR में बिखराव वाली बारिश, इस दिन से फिर जोर पकड़ेगा मानसून

Weather Update : हरियाणा, दिल्ली NCR में बिखराव वाली बारिश, इस दिन से फिर जोर पकड़ेगा मानसून
X
वर्तमान में कोई प्रभावी मौसमी प्रणाली सक्रिय न होने से बिखराव वाली हल्की बारिश देखने को मिल रही है। सावन की रिमझिम फुहारों से हरियाणा और एनसीआर दिल्ली का मौसम खुशगवार बना हुआ है।

Mausam Ki Jankari

हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में आसमान पर बादलों का डेरा लगातार बना हुआ है। सम्पूर्ण इलाके में वातावरण में ठंडक बरकरार है और मौसम सुहावना बना हुआ है। वर्तमान समय में हालांकि मानसून टर्फ रेखा हरियाणा व एनसीआर दिल्ली के दक्षिण में स्थित है। परन्तु बंगाल की खाड़ी से भरपूर मात्रा में नमी की आवाजाही बनी हुई है। वर्तमान में कोई प्रभावी मौसमी प्रणाली सक्रिय न होने से बिखराव वाली हल्की बारिश देखने को मिल रही है। सावन की रिमझिम फुहारों से हरियाणा और एनसीआर दिल्ली का मौसम खुशगवार बना हुआ है। शनिवार को भी सुबह से ही हरियाणा में कई स्थानों पलवल, सोहना, तावडू, मेवात, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुड़गांव, रोहतक, झज्जर, कैथल, जींद, हिसार और सिरसा में बिखराव वाली हल्की बारिश/बूंदाबांदी देखने को मिली।

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डाक्टर चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। साथ ही उत्तरी पाकिस्तान पर चक्रवात के रूप में बना पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश पर सक्रिय हो गया है। झारखंड और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में मौजूद एक चक्रवात उत्तरी ओड़िसा पर पहुंच गया है। मानसून ट्रफ गंगानगर, सीधी, अंबिकापुर, बालासोर से ओड़िसा पर बने चक्रवात से होकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इसके अलावा राजस्थान पर भी एक चक्रवातीय सरकुलेशन बना हुआ है। जिसकी वजह से गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा तक बारिश की जबरदस्त गतिविधियां देखने को मिल रही है। इसके अलावा हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

बंगाल की खाड़ी से दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं का बड़े पैमाने पर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में आना लगातार बना हुआ है। जिसकी वजह से शनिवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में रुक–रुककर बिखराव वाली बारिश दर्ज की गई। आज हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 31.0 से 35.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.0 से 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में बड़े पैमाने पर बारिश की गतिविधियों के लिए अभी अनुकूल मौसम प्रणाली नहीं बनीं हुईं हैं। जल्द ही आने वाली 26/27 जुलाई से मानसून टर्फ रेखा उत्तरी होने की प्रबल संभावनाएं बन रही है जिस कारण हरियाणा, एनसीआर दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, झारखंड सभी मैदानी राज्यों में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी और महीने के अंत और अगस्त के प्रथम सप्ताह में भी मानसून गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा।

Tags

Next Story