Weather Update : शीतलहर की चपेट में उत्तरी भारत, हरियाणा NCR दिल्ली में सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश की संभावना

Mausam Ki Jankari : सम्पूर्ण हरियाणा शीत लहर की चपेट में है। वहीं उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड विकराल रूप धारण किए हुए है। कुछ स्थानों पर रात्रि तापमान लुढ़ककर हिमांक बिंदु के पास पहुंच गया है। जिसकी वजह से पाला जमने की स्थिति बनी हुई है। हिमालय की उत्तरी बर्फिली हवाओं ने मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली में अपने तीखे तेवरों से आगाज किया हुआ है। जिसके चलते सम्पूर्ण इलाके में तापमान गोते लगा रहा है। सोमवार को हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री से 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट आने से कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।
सोमवार को राजस्थान के फतेहपुर सीकर का पारा माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में सबसे ठंडा स्थान रहा। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में भी पारा गोते लगा रहा है। हरियाणा में बालसमंद हिसार का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दूसरे स्थान पर सिवानी 1.5 व रेवाड़ी तीसरे 1.6 डिग्री तापमान रहा। वहीं महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस व नारनौल का 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इन सभी स्थानों की अपनी भौगोलिक अवस्थितियों की वजह से मौसम की चरम अवस्था देखने को मिल रही है। जिला हिसार, भिवानी के पश्चिमी हिस्से राजस्थान से सटे हुए हैं। इसी प्रकार रेवाड़ी के दक्षिणी हिस्से साथ ही महेंद्रगढ़ का पश्चिम-दक्षिण की सीमाएं तथा पूर्वी सीमा का एक बड़ा भाग राजस्थान से सटा होने व अरावली पर्वत श्रृंखलाएं के साथ बालू मिट्टी की वजह से मौसम की चरम अवस्था में है।
कल सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
नारनौल ( हरियाणा ) के पीजी कॉलेज के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि पिछले पांच सालों के तापमान पर नजर डालें, तो इस साल दिसंबर में ही ठंड अपने तीखे तेवरों से आगाज करने लगी है, जबकि शीतलहर व पारा हिमांक बिंदु के पास की गतिविधियां जनवरी-फरवरी में देखने को मिलता था। दिसंबर में बारिश होती थी, लेकिन इस साल दिसंबर में कोई भी सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं होने से सम्पूर्ण इलाके में बारिश नदारद रही है। 28 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मौसम करवट लेगा। जिसके चलते 29 व 30 दिसंबर को मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में बादल अपना डेरा जमा लेंगे तथा सिमित स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है। मौसम प्रणाली 31 दिसंबर को आगे निकल जाएगी। जिसके बाद नए साल का स्वागत हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड व शीत लहर से होगा।
सोमवार को हरियाणा के शहराें का न्यूनतम तापमान
बालसमंद हिसार 1.2°c, सिवानी भिवानी 1.5°c, चांदावास रेवाड़ी 1.6°c, महेंद्रगढ़ 1.7°c, नारनौल 2.4°c, हिसार 2.5°c, गुरुगाम 3.9°c, झज्जर 4.0°c, फतेहाबाद 4.2°c, सिरसा 5.2°c, भिवानी 5.5°c, मानेसर 5.6°c, जगदीशपुर सोनीपत 5.9°c, जींद 6.5°c, रोहतक 6.6°c, करनाल 6.8°c, कौल कैथल 6.8°c, अंबाला 7.7°c , यमुनानगर 7.9°c
स्त्रोत भारतीय मौसम विभाग।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS