Weather Update : हरियाणा, दिल्ली सहित उत्तरी भारत में शीत लहर से कांपे लोग, पढ़ें मौसम विभाग की भविष्यवाणी

Mausam Ki Jankari : देश के मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में कड़ाके की ठंड और शीत लहर का प्रभाव जारी है। सम्पूर्ण इलाके में तापमान हिचकोले खा रहा है। साथ ही बादलवाही व कोहरे का सिलसिला भी सितम दिखा रहा है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि दिसंबर अपने अंतिम पड़ाव पर है तथा मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि पिछले सालों में दिसंबर के अन्तिम सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जाता था। क्योंकि इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी मैदानी राज्यों में बारिश होती थी। पिछले साल भी 25 से 28 दिसंबर के दौरान बारिश दर्ज की गई थी।
परंतु इस साल दिसंबर में मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ बना हुआ है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा जबकि पंजाब, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में केवल बादलवाही देखने को मिल रही है। सम्पूर्ण इलाके में ठंड अपने विकराल रूप धारण किए हुए हैं। सुबह के घंटों के दौरान कोहरे की सफेद चादर सम्पूर्ण इलाके को अपने आगोश में ले लेती है साथ ही तापमान में गिरावट जारी है। रविवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि का तापमान 2.0 डिग्री से 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिस कारण शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। अधिकतम तापमान भी 16.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
रविवार को हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर आंशिक बादलवाही और सुबह के समय कोहरा छाया रहने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। आने वाली 28 दिसंबर को एक नया ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 29 से 30 दिसंबर के दौरान केवल एक दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी और अधिकतर स्थानों पर आंशिक बादलवाही की संभावना बन रही है, परन्तु जैसे ही मौसम प्रणाली 31 दिसंबर को आगे निकल जाएगी उसके बाद कड़ाके की ठंड और शीत लहर और बढ़ेगी। यानी नए साल का स्वागत हाड़ कंपा देने वाली ठंड से होगा।
मौसम पूर्वानुमान : हरियाणा
राज्य के पश्चिमी जिलों विशेषकर महेंद्रगढ़, भिवानी, हिसार, भिवानी, सिरसा और फतेहाबाद में आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर घना कोहरा, अतिशीतलहर (Severe cold wave), शीत दिन (Cold wave) जारी रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी संभावना है । भारतीय मौसम विभाग ( India Meteorological Department ) ने सम्पूर्ण इलाके पर रेड, आरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
आज हरियाणा में न्यूनतम तापमान के आंकड़े
महेन्द्रगढ़ 2.4°c, हिसार 3.7°c, गुरुग्राम 3.9°c, बालसमंद ( हिसार ) 3.9°c, नारनौल 4.2°c, फतेहाबाद 5.3°c, कौल ( कैथल) 5.3°c, भिवानी 5.3°c, झज्जर 5.4°c, नूह 5.4°c, मानेसर ( गुरुग्राम ) 5.8°c, रोहतक 5.8°c, सोनीपत 6.1°c, कुरुक्षेत्र 6.4°c, सिरसा 6.6°c, अंबाला 6.9°c, चंडीगढ़ शहर 6.6°c, यमुनानगर 7.3°c : स्त्रोत भारतीय मौसम विभाग
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS