Weather Update : हरियाणा-दिल्ली एनसीआर में गुलाबी ठंड दिखा रही रंग, इन जिलों में बूंदा-बांदी की संभावना

Weather Update : हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है और धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। सम्पूर्ण इलाके में सुबह और शाम गुलाबी ठंड अपने रंग दिखा रही है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। मकर संक्रांति के बाद सूर्य उत्तरायण होने लगा है, जिसकी वजह से सुबह से शाम तक तेज चमकदार धूप निकलने और साथ ही साथ मौसम में नमी कम होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लिहाजा तापमान बढ़ने लगा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। आज सम्पूर्ण इलाके में दिन का तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस से 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल और महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान क्रमशः 9.0 डिग्री सेल्सियस और 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी जारी है। आने वाले दिनों में पारे में और उछाल देखने को मिलेगा और दिन का तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जाएगा जबकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में रात्रि के तापमान में भी उछाल जारी है। आज रविवार को अधिकतर स्थानों पर 6.0 डिग्री सेल्सियस से 12.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार पांच फरवरी ज्यादा गर्म रही। हालांकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सुबह-शाम की गुलाबी ठंड और दिन भर तेज़ धूप खिली रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है। धीरे-धीरे सम्पूर्ण इलाके पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी, क्योंकि सूर्य उत्तरायण होने से मौसमी प्रणालीयां भी उत्तरी होने लगी है। हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। उन्होंने बताया कि कल भी एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मैदानी राज्यों में आंशिक बादलवाही केवल हरियाणा के पंचकूला, चंडीगढ़, यमुनानगर में उत्तरोत्तर हिस्से पर 7-8 फरवरी के दौरान केवल हल्की बूंदा-बांदी की संभावना बन रही है।
डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि शेष हरियाणा एनसीआर शुष्क बना रहेगा केवल आंशिक बादलवाही और साथ ही दो तीन दिनों के दौरान तेज़ गति से हवाएं चलने की संभावना बन रही है। इसके बाद 11 फरवरी को भी एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना बन रही है। आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा और तेज गति से हवाएं चलने की संभावना बन रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS