Weather Update : हरियाणा सहित दिल्ली NCR में अभी जारी रहेगी बारिश, IMD ने दी ये जानकारी

Weather Update : हरियाणा सहित दिल्ली NCR में अभी जारी रहेगी बारिश, IMD ने दी ये जानकारी
X
जुलाई महीने के दौरान संपूर्ण हरियाणा में कुल 220.3 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि आमतौर पर जुलाई में सामान्य 150.5 मिलीमीटर बारिश होती है। इस साल सामान्य से 46% अधिक बारिश दर्ज हुई है।

Mausam Ki Jankari

हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में लगातार मानसून गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। जुलाई महीने के दौरान संपूर्ण हरियाणा में कुल 220.3 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि आमतौर पर जुलाई में सामान्य 150.5 मिलीमीटर बारिश होती है। इस साल सामान्य से 46% अधिक बारिश दर्ज हुई है। रविवार 31 जुलाई तक अंबाला, यमुनानगर और फरीदाबाद में बारिश में कमी बनी हुई है जो जल्द ही सामान्य से अधिक दर्ज होगी।

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि आज रविवार को वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर शिफ्ट हो चुकी है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय है जिसकी वजह से पंजाब व आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण तंत्र भी मौजूद है जिस कारण अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी मिल रही है। साथ टर्फ रेखा उत्तरी होने से बंगाल की खाड़ी से लगातार दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं का रूख मैदानी राज्यों पर जारी है जिससे सम्पूर्ण मैदानी राज्यों और हरियाणा में लगातार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों तक हरियाणा के उत्तरी और पश्चिमी जिलों विशेषकर पंजाब से सटे हिस्से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र आदि में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना बन रही है जबकि शेष हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में लगातार बिखराव वाली बारिश देखी जाएगी।

3 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन के एक बार पुनः अपने सामान्य स्थिति की तरफ दक्षिणी होने की संभावना बन रही है जिसकी वजह से हरियाणा व एनसीआर दिल्ली के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है तथा हरियाणा के उत्तरी जिलों में हल्की बिखराव वाली बारिश होगी। आज रविवार को हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र आदि जिलों में भारी बारिश देखने को मिलीं। जबकि शेष हरियाणा में बूंदाबांदी ही हुई। आज हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.0 से 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Tags

Next Story