Weather Update : हरियाणा में बदलेगा मौसम, कई जिलों में बूंदाबांदी की संभावना, बढ़ेगी ठंड

Mausam Ki Jankari : हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में मौसम में बदलाव साफ़ तौर पर दिखाई देने लगा है और सुबह व शाम के समय ठंड अपने शबाब पर है। जिससे सम्पूर्ण इलाके में तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में हिमालय की हिमाच्छादित शिखरों से उत्तरी पश्चिमी हवाओं का रूख होने से धीरे धीरे ठंड बढ़ने लगी है। शनिवार को हरियाणा में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री से 14.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
भारत के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार को एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन उत्तरी पंजाब पर बनने से एक बार फिर पवनों की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा। पवनों की दिशा पूर्वी नमी वाली हो जाएगी। रविवार को सम्पूर्ण इलाके में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज होगी परंतु जैसे ही मौसम प्रणाली 15 नवंबर को आगे निकल जाएगी पवनों की दिशा बदलकर फिर से उत्तरी पश्चिमी हो जाएगी। इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मात्रा में हिमपात होने और पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों पंजाब से लगते हुए जिलों सिरसा, फतेहाबाद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल आदि में सिमित स्थानों पर गरज चमक और तेज गति से हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।
जबकि शेष हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में पवनों की दिशा बदलने से 14 व 15 नवंबर को आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मात्रा में हिमपात होने की संभावना है। 15 नवंबर के बाद हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज होगी और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरने की संभावना है जिससे ठंड अपने तीखे तेवरों से आगाज करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS