पति ने की भाई की सहायता तो खफा पत्नी ने दे दिया खौफनाक वारदात को अंजाम, हरियाणा के जींद का मामला

पति ने की भाई की सहायता तो खफा पत्नी ने दे दिया खौफनाक वारदात को अंजाम, हरियाणा के जींद का मामला
X
शहर थाना पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर मृतका के पति रिषी, देवर सुनील, देवरानी रीना, सास भरथो देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।

हरिभूमि न्यूज : जींद

हरियाणा के जींद जिले में पति ने अपने भाई की सहायता की तो खफा पत्नी ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किए जाने से आहत होकर उसकी बेटी ने आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कृष्णा कालोनी निवासी रिषी की पत्नी शीतल 33 ने अपने मकान में फांसी का फंदा लगा लिया। परिजनों ने तत्काल उसे उतारकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर मृतका का मायका पक्ष तथा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतका की मां हांसी निवासी सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी शीतल की शादी लगभग 15 साल पहले रिषी के साथ हुई थी। रिषी के साथ उसका भाई सुनील भी काम करता है। रिषी अपने भाई सुनील की सहायता करता था। जिसको लेकर रिषी तथा उसकी बेटी शीतल के बीच झगडा होता था और शीतल के साथ मारपीट भी की जाती थी। जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। हर बार रिषी व ससुरालीजन गलती मान लेते थे।

अब हालात यहां तक थे कि पिछले एक साल से शीतल को मायका नहीं आने दिया जा रहा था और न ही फोन पर परिजनों से बात करने दे रहे थे। ससुरालीजनों द्वारा मारपीट किए जाने से परेशान होकर शीतल ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर मृतका के पति रिषी, देवर सुनील, देवरानी रीना, सास भरथो देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर थाना के जांच अधिकारी रणधीर ने बताया कि मृतका की मां ने पति समेत चार लोगों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिसके आधार पर चार ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

पुत्रवधु और समधन ने की बेइज्जती, व्यक्ति ने दी जान

जींद। गांव पिंडारा में पुत्रवधु तथा उसकी मां द्वारा बेईज्जती किए जाने से खफा व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर पुत्रवधु तथा उसकी मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव पिंडारा निवासी आजाद 66 ने संदिग्ध हालात के चलते गांव में जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालात बिगडने पर परिजनों द्वारा उसे शहर के निजी अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान आजाद की मौत हो गई। मृतक के बेटे सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई विकास की शादी गांव डाबडा निवासी मनजीत के साथ वर्ष 2013 में हुई थी। उसके भाई की सास राज भी गांव पिंडारा में उनके साथ रह रही है।

जिसके चलते मनजीत तथा उसकी मां राज अक्सर उनके साथ लडाई झगडा करते थे। प्रोपर्टी नाम करवाने के लिए दबाव डालते थे। नौबत मारपीट तक भी जा पहुंची। दोनों उसके पिता आजाद व अन्य परिजनों के खिलाफ पुलिस मंे भी शिकायत देती रहती थी। जिससे खफा होकर उसके पिता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और उसकी मौत हो गई। सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी मनजीत तथा सास राज ने उसके पिता को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर मृतक की पुत्रवधु मनजीत तथा समधन राज के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।

Tags

Next Story