हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में नकल कराने से रोका तो शरारती तत्वों ने पुलिस पर किया पथराव, तीन कर्मचारी घायल

हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में नकल कराने से रोका तो शरारती तत्वों ने पुलिस पर किया पथराव, तीन कर्मचारी घायल
X
एक पुलिस कर्मचारी के सिर में ईंट लगी है। घायल पुलिस कर्मचारियों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हरिभूमि न्यूज . गोहाना ( सोनीपत )

गांव घड़वाल में परीक्षा केंद्र पर शरारती तत्वों ने पुलिस कर्मचारियों पर पथराव कर दिया। पुलिस कर्मचारियों ने परीक्षा के दौरान नकल न होने देने के लिए सख्ती की थी। परीक्षा खत्म होते ही शरारती तत्वों ने पुलिस कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। तीन पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। एक पुलिस कर्मचारी के सिर में ईंट लगी है। घायल पुलिस कर्मचारियों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा के लिए गांव घड़वाल के राजकीय स्कूल में केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को 12वीं कक्षा की केमिस्ट्री विषय की परीक्षा थी। दोपहर साढ़े बारह बजे से तीन बजे तक परीक्षा हुई। केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप रोकने और नकल न होने देने के लिए बरोदा थाना से सिपाही मंजीत, एसपीओ सुरेश और होमगार्ड के जवान अजीत ड्यूटी दे रहे थे।

पुलिस कर्मचारियों ने परीक्षा के दौरान बाहरी युवकों को केंद्र के पास न आने देने के लिए सख्ती दिखाई। परीक्षा खत्म होते ही बाहरी युवक केंद्र में घुसने लगे। पुलिस कर्मचारियों ने गेट पर ही बाहरी युवकों को रोक दिया। इसके बाद कई शरारती तत्वों ने पुलिस कर्मचारियों पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस कर्मचारियों ने केंद्र के अंदर जाकर अपनी जान बचाई। शरारती तत्व घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पथराव में तीनों पुलिस कर्मचारी घायल हो गए।

Tags

Next Story