चेकिंग के लिए रुकने का इशारा करने पर होमगार्ड पर चढ़ाई कार

हरिभूमि न्यूज. फतेहाबाद
नेशनल हाईवे पर गांव बड़ोपल के समीप चेकिंग के लिए रूकने का इशारा करने पर कार चालक ने अपनी कार होमगार्ड पर ही चढ़ा दी। कार चालक होमगार्ड को बोनट पर लटकाकर काफी दूर तक ले गया। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए कार को रूकवाया और चालक को काबू कर लिया। इस हादसे में घायल होमगार्ड के जवान को उपचार के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस मामले में पुलिस कार चालक सुरेन्द्र निवासी आजाद नगर हिसार के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गोरखपुर निवासी सोनू कुमार ने कहा है कि वह ट्रैफिक पुलिस फतेहाबाद में होमगार्ड पर पद पर तैनात है। गत दिवस पुलिस टीम नेशनल हाइवे पर गांव बड़ोपल नहर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। एसएचओ जहां रूकवाए गए वाहनों के कागजातों की जांच कर रहे थे वहीं वह तथा अन्य कर्मचारी वाहनों को रूकवा रहे है। उसने बताया कि इसी दौरान जब उसने एक होण्डा सिटी कार को रूकने का इशारा किया तो गाड़ी चालक ने कार को रोकने की बजाय उसे टक्कर दे मारी और उसे अपनी गाड़ी के बोनट पर काफी दूर तक ले गया। इस पर पुलिस कर्मचारियों ने गाड़ी का पीछा कर काफी दूरी पर जाकर उसे रूकवाया जिससे वह बोनट से सड़क पर जा गिरा और घायल हो गया। बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस मामले में पुलिस ने कार चालक सुरेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS