हरियाणा में कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार, दुष्यंत चौटाला ने दिया यह बयान

हरियाणा में कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार, दुष्यंत चौटाला ने दिया यह बयान
X
किसानों के आंदोलन के सवाल के संदर्भ में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज के दिन इस आंदोलन में किसान नेता नहीं बल्कि राजनेता हैं। किसानों को बड़ी-बड़ी बातों के जरिये भ्रमित किया जा रहा है और यह धीरे-धीरे जनता भी समझ रही है।

चंडीग‍ढ़। हरियाणा में चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार होना है। दोनों संगठनों (बीजेपी-जेजेपी) ने अपने-अपने कोटे के एक-एक कैबिनेट मंत्री को शपथ दिलानी है। इसके साथ अगर कोई बदलाव होगा तो वो बाद में देखा जाएगा लेकिन आज के दिन इसकी कोई चर्चा नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जो होगा वो समय पर और प्रदेश हित में होगा। किसानों के आंदोलन के सवाल के संदर्भ में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज के दिन इस आंदोलन में किसान नेता नहीं बल्कि राजनेता हैं। पिछले एक साल से ना एमएसपी खत्म हुई है और न ही कोई मंडी खत्म हुई। उन्होंने कहा कि किसानों को बड़ी-बड़ी बातों के जरिये भ्रमित किया जा रहा है और यह धीरे-धीरे जनता भी समझ रही है। पिछली गेहूं की खरीद प्रक्रिया 10 दिन पहले शुरू की गई और सरकार ने बेहतर तरीके से किसानों की फसल खरीदी और उसका सीधा खातों में भुगतान किया।

दुष्यंत चौटाला ने आंदोलनरत किसान नेताओं से सवाल किया कि जो लोग दिल्ली बॉर्डर पर भोले किसानों को लेकर आए थे वो उस समय कहां थे जब सरकार नये कृषि कानून को डेढ़ साल तक स्थगित करके किसानों की सभी शर्तें मान रही थी वो पीछे क्यों हटे? उन्होंने कहा कि किसान नेताओं का एजेंडा नये कानून में बदलाव लाने का नहीं बल्कि आगामी चुनावों से जुड़ा हुआ है और आने वाले दिनों में धीरे-धीरे सब स्पष्ट हो जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी विधायक देवेंद्र बबली और डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा की गाड़ी पर तोड़फोड़ करने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आज आंदोलन में गुंडा तत्व घुस चुका है और धीरे-धीरे सामाजिक लोग आंदोलन से दूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के खाते में सीधा भुगतान करने जैसे कदम उठाकर सरकार निरंतर किसानों को मजबूत करने का काम कर रही है।

Tags

Next Story