पत्नी ने बहन व भतीजों के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, यह थी वजह

पत्नी ने बहन व भतीजों के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, यह थी वजह
X
सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर मृतक की पत्नी, भाभी, दो भतीजों को नामजद कर चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरिभूमि न्यूज : जींद

गांव झील में पत्नी ने अपनी बहन तथा भतीजों के साथ मिलकर पति की पीट- पीटकर हत्या कर दी। पत्नी को संदेह था कि कहीं उसका पति अपने भाई के नाम जमीन न करवा दे। मृतक समाज कल्याण विभाग में चालक के पद पर कार्यरत था। सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर मृतक की पत्नी, भाभी, दो भतीजों को नामजद कर चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव झील निवासी राजेंद्र 52 पर बीती देर शाम उसकी पत्नी ने अपनी बहन तथा भतीजों के साथ मिलकर हमला कर दिया। जिसमे राजेंद्र को गंभीर चोटे आई। परिजनों द्वारा उसे नरवाना सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा रामफल ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र समाज कल्याण विभाग में चालक के पद पर कार्यरत था। राजेंद्र का उसकी पत्नी सेवापति से अनबन चल रही थी। सेवापति अपनी बहन केलापति के साथ रह रही थी। केलापति का पति सुरेंद्र मृतक राजेंद्र का बडा भाई था। सुरेंद्र की भी मौत हो चुकी है। गुजारा भत्ता के लिए सेवापति ने अदालत में याचिका दायर की हुई है। खुद राजेंद्र अपने छोटे भाई बिजेंद्र के पास रह रहा था। सेवापति को संदेह था कि राजेंद्र अपनी जमीन छोटे भाई बिजेंद्र के नाम न करवा दे। जिसके चलते देर शाम को सेवापति ने अपनी बहन केलापति, भतीजे अनिल तथा प्रदीप व कुछ अन्य के साथ मिलकर राजेंद्र की हत्या कर दी। सदर थाना नरवाना पुलिस ने रामफल की शिकायत पर मृतक की पत्नी सेवापति, भाभी केलापति, भतीजे अनिल, प्रदीप को नामजद कर चार अन्य आरोपित के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

भतीजों ने चाचा की हत्या के बाद दादा को दी सूचना

जिस समय राजेंद्र पर हमला किया गया वह खेत वाले मकान में गया हुआ था और वापस गांव की तरफ लौट रहा था। लगभग दो एकड चलने के बाद राजेंद्र पर लाठियों तथा डंडों से हमला कर दिया। जिसमे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बेसुध होकर गिर गया। जिसके बाद हमलावर भतीजे अनिल ने अपने दादा रामफल को फोन कर चाचा राजेंद्र की हत्या करने के बारे में बताया। जब रामफल व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो राजेंद्र की सांसे चल रही थी। सामान्य अस्पताल ले जाए जाने पर उसकी मौत हो गई।

सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद चला हुआ था। मृतक अपने छोटे भाई के पास रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी मृतक के बडे भाई के परिवार के साथ रह रही थी। जमीन विवाद के चलते हत्या की गई है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Tags

Next Story