पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर बेलन से कर दी पति की हत्या, दोनों आरोपित फरार

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर बेलन से कर दी पति की हत्या, दोनों आरोपित फरार
X
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी एक साल तक अपने प्रेमी के साथ रहने के बाद तीन माह पहले ही पति के पास आई थी। मृतक के भाई के बयान पर महिला व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया हैं।

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत

सदर थाना क्षेत्र के गांव बंदेपुर में प्रेमी के साथ मिलकर एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। हत्या में रोटी बनाने का बेलन प्रयोग करने की बात सामने आई हैं। पुलिस ने कमरे के अंदर से शव को बरामद किया हैं। पुलिस व एफएसएल की टीम ने मौके से नमूने एकत्रित किए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी एक साल तक अपने प्रेमी के साथ रहने के बाद तीन माह पहले ही पति के पास आई थी। फिर से अनबन होने पर 10 दिन पहले हुई पंचायत में पति के साथ रहने की बात कही थी। वारदात के बाद पत्नी व उसका प्रेमी फरार है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया हैं।

मूलरूप से गांव गुहणा फिलहाल बंदेपुर निवासी सोनू ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह उसका भाई नरेंद्र (40) राठधना रोड स्थित गैस एजेंसी पर नौकरी करता था। नरेंद्र की शादी 22 साल पहले गांव पिपली खेड़ा निवासी रेखा के साथ हुई थी। इनको दस व चार साल के दो लडके लवीश व लड्डू हैं। नरेंद्र और रेखा के संबंध कई साल से ठीक नहीं चल रहे थे। इसके चलते रेखा एक साल तक आर्य नगर की पत्थर वाली गली निवासी सोमबीर के साथ रही। तीन माह पहले वह वापस अपने पति के साथ रहने लगी। उनके फिर से कहासुनी होने पर 10 दिन पहले पंचायत हुई थी। पंचायत में रेखा ने अपने पति के साथ ही रहने की बात कही थी।

सोनू ने बताया कि रविवार सुबह सोमबीर ने नरेंद्र के मोबाइल से फोन किया था। उसने बताया कि हमने नरेंद्र का काम तमाम कर दिया है। रेखा ने भी हत्या करने की पुष्टि की थी। इस पर वह अपने परिवार के लोगों के साथ नरेंद्र के घर पर पहुंचा तो वहां ताला लगा हुआ था। आसपास के लोगों को साथ लेकर ताला तोड़कर घर में गए। वहां पर नरेंद्र का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके मुंह को कपड़े से बांध रखा था। उसके सिर पर ठोस वस्तु से वार किया गया था। घर से रेखा दोनों बच्चों सहित गायब थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सौंप दिया।

कमरे के अंदर चारपाई पर व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली थी। उसके मुंह पर चुनरी व चादर बांध रखी थी। शव के पास खून से सना रोटी बनाने का बेलन बरामद हुए हैं। मृतक के भाई के बयान पर महिला व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। जल्द आरोपितों को काबू कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- सुनील कुमार, प्रभारी सदर थाना।

Tags

Next Story